गन्ना किसानों के पुराने बकाए 15 दिन के अन्दर भुगतान कराया जाए : योगी आदित्यनाथ

यूपी के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने ट्वीट कर कहा है कि गन्ना किसानों के पुराने बकाये 15 दिन के अन्दर भुगतान कराया जाए. एक के बाद एक किए गए 6 ट्वीट में उन्होंने कुछ नए फैसलों के साथ-साथ यूपी सरकार के अधिकारियों के लिए अलग-अलग दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं.

एक दूसरे ट्वीट में आदित्यनाथ योगी ने कहा, ‘किसी जनपद में अगर भूख या बीमारी से किसी व्यक्ति की मौत हुई तो संबंधित जिलाधिकारी और CMO दंडित होंगे.’ योगी ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि राशन माफियाओं, खनन माफियाओं, गो माफिया एंव वन माफियाओं के विरूद्ध अभियान शुरू करें अधिकारी.

योगी ने कहा, ‘नवरात्रों पर सभी शक्तिपीठों पर विशेष सफाई, शुद्ध पेयजल, छाया, सुरक्षा तथा अस्थायी शौचालयों का निर्माण कराया जाये.’ उन्होंने एक और ट्वीट कर कहा कि प्रदेश में कानून का राज कायम करना सर्वोच्च प्राथमिकता है.

इसी क्रम में उन्होंने कहा व्यस्त बाजारों में पुलिस अधिकारी एंव कर्मचारी प्रतिदिन डेढ़ से दो किलोमीटर पैदल घूमकर जनता में विश्वास पैदा करें. आपको बता दें कि गोरखपुर का दो दिन का दौरा खत्म कर सीएम आदित्यनाथ योगी शाम को लखनऊ लौट आए हैं.

आज गोरखपुर में आदित्यनाथ योगी ने कहा कि कहीं ग़लत काम हो रहा हो तो सिर्फ उन्हें मैसेज कर दें, वो सब दुरुस्त कर देंगे. उन्होंने सरकार और संगठन में बेहतर संवाद और तालमेल का भी आह्वान किया.

खुद की सरकार को हर वक़्त हरकत में रहने वाली और जमकर काम करने वाली बताते हुए उन्होंने कहा, “हम 18 से 20 घंटे काम करने आए हैं. जो इतना काम कर सकते हैं रहें या जाएं. UP अपराध मुक्त होगा. किसी को भूखा नहीं सोने देंगे.”

विकास को आखिरी आदमी तक पहुंचाने का वादा करते हुए आदित्यनाथ योगी ने कहा कि वो रणनीति बनाने वाले हैं, अंतिम व्यक्ति तक सरकार का काम पहुंचे, इसकी शुरुआत करने वाले हैं.

यूपी में विकास हो सकता है और यहां के लोगों को पलायन की जरूरत नहीं है, इस बात का भरोसा दिलाते हुए आदित्यनाथ योगी ने कहा, “हमें नकारत्मकता से दूर रहना है और सकारात्मक होकर काम करना है ताकि उत्तर प्रदेश से कोई पलायन ना करे.”
समाजवादी सरकार की छवि पर हमला करते हुए खुद की सरकार को नई सरकार बताने की कवायद में सीएम ने कहा कि यूपी की पहचान बदलेगी. कानून का राज होगा, बिजली होगी, भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश होगा. माताएं-बहनें सुरक्षित महसूस करेंगी, और यही उत्तर प्रदेश की पहचान होगी.

और बड़ी जीत की गुंजाइश…


आदित्यनाथ योगी ने कहा कि दो साल में लोकसभा चुनाव होने हैं और पहले से भी अच्छे प्रदर्शन की गुंजाइश है. पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने सूबे की 80 में 73 सीटें जीती थीं.



Source : ABPन्यूज़ 

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin