एक अप्रैल से महंगे होंगे हेल्थ और मोटर बीमा, ये है कारण -

भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) ने बीमा कंपनियों को अपने एजेंटों को दिए जाने वाले कमीशन की समीक्षा को हरी झंडी दे दी है। इसके बाद आने वाले 1 अप्रैल से कार, मोटरसाइकिल व स्वास्थ्य बीमा महंगा होने वाला है। इस फैसले के बाद बीमा प्रीमियम की राशि में मौजूदा दरों में पांच फीसद की बढ़ोत्तरी या कटौती की जा सकती है।

भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) पहले ही मोटर वाहन तीसरा-पक्ष बीमा तथा समूह स्वास्थ्य बीमा योजना जैसे क्षेत्रों में पहली अप्रैल से प्रीमियम की दरें बढ़ाए जाने का संकेत दे चुका था।

इरडा (बीमा एजेंटों और बीमा मध्यस्थों को कमीशन या पारिश्रमिक या पारितोषिक) नियम, 2016 एक अप्रैल, 2017 से लागू हो जाएंगे। भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण यानी इरडा के अनुसार, इन नियमों से कमीशन व पारितोषिक दरों में एक हद तक सुधार होगा। साथ ही रिवार्ड सिस्टम भी अस्तित्व में आएगा। इसकी वजह से ही बीमा कंपनियां अपने उत्पादों के मूल्य में बदलाव को लेकर सोच रही हैं ताकि कमीशन व पारितोषिक में भी सुधार हो पाए।

नए नियमों की वजह से प्रीमियम में पांच फीसद तक की बढ़ोतरी की ही अनुमति होगी। इसके अलावा बीमा कंपनियों को एक सर्टिफिकेट देना होगा कि पहले से ही बेची गई पॉलिसियों की प्रीमियम दरों व अन्य नीतियों में कोई अहितकर बदलाव नहीं किया गया है।


Source : naidunia

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin