MCD चुनाव: फिर बढ़ी AAP की मुश्किलें, एक और विधायक ने दिखाए बागी तेवर

नई दिल्ली: एमसीडी चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. पहले विधायक वेद प्रकाश ने विधानसभा से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हो गए, वहीं अब पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी से विधायक राजेश ऋषि ने बगावती तेवर दिखाए हैं.

टिकट वितरण से नाराज राजेश ऋषि ने ट्विटर पर केजरीवाल पर हमला किया और नसीहत भी दी. हालाँकि विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने ट्वीट डिलीट कर दिया और मीडिया के सामने आने से बचते रहे. उनकी तरफ से दोपहर में बात करने की बात कही गई, लेकिन दोपहर को भी वो नदारद रहे.

इससे पहले एबीपी न्यूज से फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने स्वीकार किया कि वो टिकट को लेकर पार्टी के फैसले से दुखी हैं. हालांकि साथ में उन्होंने यह भी जोड़ा कि वो पार्टी नहीं छोड़ेंगे और अंदर रह कर ही अपनी आवाज उठाएंगे.


सूत्रों के मुताबिक पार्टी आलाकमान की तरफ से उन्हें विवाद पर बयान ना देने की हिदायत दी गई है. सूत्रों की माने तो कई और विधायक भी पार्टी से नाराज चल रहे हैं. जाहिर है इससे आप की एमसीडी की तैयारियों को झटका लगा है और चुनाव में पार्टी को नुकसान भी उठाना पड़ सकता है.


Source :ABPन्यूज़ 

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin