टीम इंडिया को बड़ा झटका, चोट के चलते रांची टेस्ट से बाहर हुए विराट कोहली

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रांची में चल रहे तीसरे टेस्ट मैच के बीच टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. मैच के दौरान चोट लगने से कप्तान विराट कोहली को 10 दिन तक आराम की सलाह दी गई है. ऐसे में अब रांची टेस्ट में कोहली की मैदान में वापसी की संभावना बिल्कुल कम हो गई है. अगर इस मैच में कोहली मैदान पर नहीं उतरे तो इसका सीधा असर खिलाड़ियों के मनोबल पर पड़ेगा.

दरअसल ऑस्ट्रेलिया की पारी के 40वें ओवर में रवींद्र जडेजा की गेंद पर जब कंगारू बल्लेबाज हैंड्सकोंब ने शॉट खेला तो विराट ने बाउंड्री के पास डाइव मारी. तभी उनके कंधे में कुछ दर्द सा महसूस हुआ, जिसके बाद विराट कोहली मैदान छोड़ कर बाहर चले गए थे. अब खबर आ रही है कि वो अब इस मैच से बाहर हो गए हैं, उन्हें 7 से 10 दिन तक आराम करने की सलाह दी गई है. अगर 10 दिन तक कोहली मैदान में वापसी नहीं कर पाए तो फिर चौथे टेस्ट में भी उनका खेलना संदिग्ध है.

कोहली के जख्मी होने से अजिंक्य रहाणे मैदान पर कप्तानी कर रहे हैं. वहीं कोहली की जगह मैदान पर फील्डिंग करते अभिनव मुकुंद दिखे.

गौरतलब है कि रांची टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय किया था, ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 90 ओवरों में चार विकेट खोकर 299 रन बना लिए हैं. भारत की ओर से उमेश यादव ने 2, अश्विन ने 1 और जडेजा ने 1 विकेट चटकाए हैं. एक तरह से ऑस्ट्रेलिया फिलहाल मजबूत स्थिति में है. 

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin