मुंबई। प्रतिस्पर्धा के इस दौर में छात्रों के लिए कॉलेज का चुनाव करना भी इन दिनों आसान काम नहीं रहा है। इन दिनों अंतराष्ट्रीय कॉलेजों में एडमिशन पाने का सपना देखने वाले छात्रों के साथ भी बड़े स्तर पर धोखाधड़ी हो रही है। छात्रों को वैश्विक स्तर पर ख्यात कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के नकली हेडबुक बेचे जा रहे हैं।
ऑनलाइन धोखधड़ी करने वाला गिरोह यह काम इतनी सफाई से करता है कि छात्र असली और नकली हैंडबुक में अंतर ही नहीं कर पाते हैं। हाल ही में यूनेस्को और इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ यूनिवर्सिटी ने छात्रों को ऑनलाइन बेचे जाने वाले इस तरह के नकली हैंडबुक के प्रति आगाह किया है।
यूनेस्को हाउस स्थित आईएयू के सहायक संपादक निकोलस पॉउलटन ने कहा कि इन दिनों आईएयू-यूनेस्को द्वारा तैयार की गई अंतरराष्ट्रीय विवि की हैंडबुक अमेजन सहित कई ऑनलाइन वेबसाइट पर बेची जा रही है, जो नकली है। हालांकि इस मामले में हैंडबुक से जुड़े प्रकाशक जांच में जुटे हुए हैं और इस संबंध में उन्होंने कुछ भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
गौरतलब है कि इंटरनेशनल हैंडबुक ऑफ यूनिवर्सिटी तीन खंड़ों में प्रकाशित की गई है, जिसमें दुनियाभर के 18000 से अधिक ख्यात शैक्षिक संस्थानों के बारे विस्तृत जानकारी दी गई है। इस में एक साल की स्नातकोत्तर डिग्री से लेकर चार साल तक के पेशेवर डिप्लोमा के बारे में भी जानकारी दी गई है।
इस हैंडबुक के अभी तक 28 संस्करण प्रकाशित हो चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय कॉलजों में पढ़ने का सपना रखने रखने वाले छात्रों, छात्रों को करियर परामर्श देने वाली शिक्षण संस्थानों के अलावा स्कूल, कॉलेजों के लिए भी यह हैंडबुक एक बाइबिल की तरह है।