बंद होंगे फेसबुक के संदिग्ध अकाउंट, पहचान के लिए होगा वेरिफिकेशन

सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक से फर्जी अकाउंटों को हटाने की मुहिम शुरू हो गई है। इस काम के लिए अकाउंटों पर संदिग्ध व्यवहार जैसे बार-बार पोस्ट होने वाले संदेशों को देखा जा रहा है।

फेसबुक की प्रोटेक्ट एंड केयर टीम से जुड़ी शबनम शेख ने ब्लॉग में लिखा, "हमने पाया कि जब लोग फेसबुक पर मौजूद रहते हैं तो उनका व्यवहार जिम्मेदाराना होता है जैसा वे असली जिंदगी में करते हैं। फर्जी अकाउंटों में यह प्रवृत्ति दिखाई नहीं पड़ती है।"

कैलिफोर्निया आधारित सोशल नेटवर्क के अनुसार, फर्जी प्रतीत होने वाले अकाउंटों को निलंबित किया जा रहा है और उनके धारकों से कहा जा रहा है कि वे अपनी पहचान सत्यापित कराएं। फ्रांस में इस नई रणनीति से फर्जी माने गए 30 हजार अकाउंटों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

शेख ने कहा कि हमने ऐसे अकाउंटों की पहचान करने के तरीके में सुधार किया है। हमें उम्मीद है कि इससे फर्जी अकाउंटों से भ्रामक सामग्री को फैलने से रोका जा सकेगा।

गौरतलब है कि फेसबुक को पिछले साल भारी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। उस पर अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में भ्रामक और झूठी खबरों को प्रसारित करने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद से ही फेसबुक ऐसी खबरों पर अंकुश लगाने की मुहिम में जुटा है।

फेसबुक मैसेंजर के 1.2 अरब यूजर फेसबुक मैसेंजर ने गुरुवार को बताया कि उसके मासिक सक्रिय यूजरों की संख्या बढ़कर 1.2 अरब हो गई है। पिछले आठ महीने में 20 करोड़ नए यूजर जुड़े हैं।


Source : naidunia

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin