रवींद्र जडेजा की वापसी से उत्साहित गुजरात लॉयंस अब आईपीएल 2017 में बढ़े हुए मनोबल के साथ शुक्रवार को राइजिंग पुणे सुपरजायंट के खिलाफ मैदान में उतरेगा। गुजरात टीम को आईपीएल 10 में पहले जीत की तलाश है।
गुजरात लॉयंस ने पिछले वर्ष अपने पहले ही सत्र में धमाकेदार प्रदर्शन कर तीसरा स्थान हासिल किया था, लेकिन इस बार उसकी शुरुआत बेहद खराब रही है। लॉयंस को दो बार के चैंपियन केकेआर और गत विजेता सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों हार झेलनी पड़ी है।
टीम इंडिया की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के बाद बीसीसीआई ने जडेजा को दो सप्ताह के आराम की सलाह दी थी। इसके चलते जडेजा गुजरात के शुरुआती दो मैचों में नहीं खेले थे। टीम के कैरेबियाई ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो भी फिट नहीं है और अभी उनके खेलने के कोई आसार नहीं है। टीम के पास कप्तान सुरेश रैना, ब्रैंडन मॅक्कुलम, एरोन फिंच, जेसन रॉय और दिनेश कार्तिक जैसे बल्लेबाज मौजूद है, लेकिन ये ख्याति के अनुरुप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। रैना की चिंता कमजोर गेंदबाजी है। पहले दो मैचों में उनके गेंदबाज मात्र 1 विकेट ले पाए है।
दूसरी तरफ राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने जीत के साथ अभियान शुरू किया था जब उसने मुंबई इंडियंस को शिकस्त दी थी। लेकिन इसके बाद उसे किंग्स इलेवन पंजाब और दिल्ली डेयरडेविल्स के हाथों हार मिली थी। टीम के पास अजिंक्य रहाणे, स्टीव स्मिथ, बेन स्टोक्स, मनोज तिवारी और महेंद्रसिंह धोनी जैसे धुरंधर मौजूद है, लेकिन कोई भी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पा रहा है। पिता के निधन के कारण मनोज तिवारी पिछले मैच में नहीं खेल पाए थे, लेकिन अब उनकी वापसी तय है। द. अफ्रीकी स्पिनर इमरान ताहिर उम्दा प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अन्य गेंदबाजों से सहयोग नहीं मिल पा रहा है।
Source : नईदुनिया
