बद्री के बाद एंड्र्यू टाय ने भी ली हैट्रिक, आईपीएल 10 में एक ही दिन में बनीं दो हैट्रिक

IPL 10 का 13वां मैच राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है, जिसमें होम टीम गुजरात लॉयन्स का मुकाबला राइजिंग पुणे सुपरजायन्ट्स से हो रहा है. दोनों ही टीमें फिलहाल अंकतालिका में नीचे चल रही हैं. सुरेश रैना के नेतृत्‍व वाली गुजरात लॉयन्स (GL) टीम को आईपीएल में अब तक अपने दोनों मैचों में करारी हार का सामना करना पड़ा है. गुजरात ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया है. पुणे ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 171 रन बनाए हैं. मनोज तिवारी 31 रन बनाकर आउट हुए. तिवारी को 18 रन पर जीवनदान भी मिला. एमएस धोनी ने एक बार फिर निरास किया और आठ गेंदों में पांच रन ही बना पाए. पुणे को पहला झटका शून्य रन पर ही लग गया, जब अजिंक्य रहाणे बिना खाता खोले ही आउट हो गए. दूसरा झटका जमकर खेल रहे राहुल त्रिपाठी के रूप में लगा. राहुल ने  17 गेंदों में 33 रन ठोके, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के लगाए. राहुल ने स्मिथ के साथ दूसरे विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी की. स्टीव स्मिथ 28 गेंदों पर 43 रन बनाकर लौटे. इसके बाद बेन स्टोक्स ने 18 गेंदों में 25 रन बनाए. गुजरात से एंड्र्यू टाय ने आईपीएल के इस सीजन की दूसरी हैट्रिक लेते हुए कुल 5 विकेट लिए हैं, जबकि प्रवीण कुमार और ड्वेन स्मिथ को एक-एक सफलता मिली है. टाय ने हैट्रिक के लिए सबसे पहले अंकित शर्मा (25 रन), फिर मनोज तिवारी (31 रन) और तीसरी गेंद पर शारदुल ठाकुर को आउट किया.

16 से 20 ओवर : मनोज तिवारी ने संभाला मोर्चा
जीवनदान, 14 रन! 16वें ओवर में मनोज तिवारी ने बासिल थंपी की गेंद पर चौका लगाया. ओवर में नौ रन बने. 17वें ओवर में रवींद्र जडेजा को विकेट मिलते-मिलते रह गया, जब मनोज तिवारी का कैच जडेजा से ही छूट गया. तिवारी उस समय 18 रन पर थे. इसके बाद उन्होंने अंतिम गेंद पर छक्का जड़ दिया, जबकि अंकित ने चौका लगाया. ओवर में 14 रन बने.
18वां ओवर एक बार फिर पुणे के लिए अच्छा नही रहा और इसमें केवल छह रन ही बन पाए.
छक्का, बैट टूटा! प्रवीण कुमार को 19वें ओवर की पहली ही लीगल गेंद पर अंकित शर्मा ने मिडविकेट के ऊपर से छक्के के लिए भेज दिया. फिर अगली गेंद पर दो रन ले लिए. चौथी गेंद पर मनोज तिवारी का बैट टूट गया. ओवर में 12 रन बने.
हैट्रिक- 3 विकेट! 20वें ओवर में गेंदबाजी एंड्र्यू टाय ने की. उन्होंने अंकित शर्मा को 25 रन पर ब्रेंडन मैक्लम से कैच करा दिया. अगली ही गेंद पर मनोज तिवारी भी 31 रन बनाकर ईशान किशन को कैच दे बैठे. तीसरी गेंद पर टाय ने शारदुल ठाकुर को बोल्ड करके हैट्रिक पूरी की. यह आईपीएल-10 की दूसरी हैट्रिक है. इससे पहले आरसीबी के सैमुअल बद्री ने भी मुंबई के खिलाफ आज ही हैट्रिक ली थी. अंतिम ओवर में चार रन बने.

11 से 15 ओवर : बेन स्टोक्स 25 रन पर आउट, धोनी ने फिर किया निराश
कप्तान सुरेश रैना ने 11वें ओवर में खुद गेंदबाजी कै फैसला किया. पांचवीं गेंद पर बेन स्टोक्स ने उनको चौका लगाया. ओवर में नौ रन बने. 12वें ओवर में स्टोक्स ने ड्वेन स्मिथ को भी चौका जड़ा, लेकिन ओवर में पांच रन ही बन पाए.
विकेट! 13वें ओवर में एंड्र्यू टाय की पहली ही गेंद पर स्टोक्स अपना विकेट दे बैठे. टाय ने उनको बोल्ड किया. बेन स्टोक्स ने 18 गेंदों में 25 रन बनाए. इस ओवर में चार रन बने.
10 रन! शादाब जकाती की गेंदों पर 10वें ओवर में पुणे ने 10 रन बनाए, जिसमें तिवारी का एक चौका शामिल रहा.
विकेट! 15वें ओवर में एमएस धोनी के खास रहे रवींद्र जडेजा ने ही उनको पैवेलियन का रास्त दिखा दिया. जडेजा की गेंद को धोनी पैड पर खेल बैठे और अंपायर ने उनको पांच रन के निजी स्कोर पर पगबाधा आउट दे दिया. 15 ओवर बाद पुणे 126/5.

6 से 10 ओवर : राहुल त्रिपाठी और स्टीव स्मिथ तेज पारी खेलकर आउट
विकेट! ऐसा लग रहा था कि स्मिथ और राहुल लंबी साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ले जाएंगे, लेकिन एंड्र्यू टाय ने पुणे को दूसरा झटका दे दिया. उन्होंने जमकर बल्लेबाजी कर रहे राहुल त्रिपाठी को 33 रन पर एरॉन फिंच के हाथों कैच करा दिया. सातवें ओवर में रवींद्र जडेजा को स्मिथ ने चौका लगाया.
आठवें ओवर में बासिल थंपी की गेंदों पर रन नहीं पा रहे थे. स्मिथ ने पांचवीं गेंद को पुल करने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनकी छाती में जा लगी और वह दर्द से कराह उठे. खेल थोड़ी देर के लिए रुका रहा. ओवर में तीन रन ही बन पाए.
छक्का! नौंवे ओवर में रवींद्र जडेजा की तीसरी गेंद पर स्टोक्स ने मिडविकेट के ऊपर से छक्का जड़ दिया. इस ओवर में कुल 11 रन आए.
बड़ा विकेट! रैना ने स्टीव स्मिथ को जमता हुआ देखककर 10वें ओवर में ड्वेन स्मिथ को गेंदबाजी सौंपी और उनका यह दांव चल गया. दूसरी गेंद पर ड्वेन स्मिथ ने स्टीव स्मिथ को 43 रन पर चलता कर दिया. उन्होंने 28 गेंदों का सामना किया और छह चौके व एक छक्का जड़ा. 10 ओवर बाद पुणे- 92/3.

पहले 5 ओवर : शून्य पर पहला विकेट, फिर राहुल-स्मिथ का तूफान
विकेट! राइजिंग पुणे सुपरजायन्ट्स की ओर से पारी की शुरुआत अजिंक्य रहाणे और राहुल त्रिपाठी ने की. बुरे दौर से गुजर रही पुणे टीम को पहला झटका पारी की तीसरी गेंद पर ही लग गया, जब अजिंक्य रहाणे को प्रवीण कुमार ने कप्तान रैना के हाथों कैच करा दिया. उस समय टीम का खाता भी नहीं खुला था. दूसरा ओवर बासिल थंपी ने किया, जिसमें त्रिपाठी और स्टीव स्मिथ ने एक-एक चौके लगाए. ओवर में कुल नौ रन आए.
तीसरे ओवर में कुमार को त्रिपाठी ने चौका लगाया, लेकिन ओवर में आठ रन ही ले पाए. पुणे के लिए आठवां ओवर कुछ अच्छा रहा. स्मिथ ने शादाब जकाती को चौका और छक्का जड़ते हुए ओवर में 12 रन बटोर लिए.
25 रन! पांचवें ओवर में त्रिपाठी ने कुमार को निशाने पर लिया. उन्होंने पहली गेंद को मिडविकेट के ऊपर से छक्के के लिए भेजा, तो दूसरी को मिडऑफ के ऊपर से छह रन के लिए उड़ाया. फिर एक चौका भी लगा दिया. अंतिम दो गेंदों पर स्मिथ ने चौके जड़े और ओवर में राहुल के साथ कुल 25 रन ठोक दिए. 5 ओवर बाद पुणे- 60/1.

गुजरात को पहले मैच के कोलकाता नाइटराइडर्स ने उसे 10 विकेट के बड़े अंतर से हराया तो दूसरे मैच में सनराइसर्ज ने उसे 9 विकेट से मात दी. ऐसे में कप्‍तान रैना को यही उम्‍मीद होगी कि धमाकेदार खिलाड़ी रवींद्र जडेजा की वापसी से टीम जीत की राह पर आ जाएगी.

'टीमें इस प्रकार हैं:
राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स : स्टीव स्मिथ (कप्तान), एमएस धोनी, अजिंक्य रहाणे, बेन स्टोक्स, मनोज तिवारी, अंकित शर्मा, राहुल चहर, इमरान ताहिर, राहुल त्रिपाठी, लॉकी फर्ग्यूसन और शारदुल ठाकुर


गुजरात लॉयंस : ब्रैंडन मैक्कलम, ड्वेन स्मिथ, दिनेश कार्तिक, सुरेश रैना, प्रवीण कुमार, एरॉन फिंच, ईशान किशन, बासिल थंपी, शादाब जकाती, रवींद्र जडेजा और एंड्र्यू टॉय.

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin