नई दिल्ली। मौसम विभाग ने उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में मंगलवार से तीन दिन तक भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। वहीं, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पूर्वोत्तर के राज्यों में दो दिन के लिए एलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली के लोगों को अप्रैल में जहां भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा था, वहीं अब दो दिन उन्हें राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में चार से सात अप्रैल तक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होगी।
इससे तापमान में छह से आठ डिग्री की गिरावट की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग की वेबसाइट पर इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई है। उत्तरांखड के उत्तरकाशी, चमौली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए जम्मू कश्मीर में चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार राज्य में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। जम्मू और श्रीनगर के मंडलायुक्तों को विभाग ने पत्र लिखा है कि पश्चिमी विक्षोभ 4 से 6 अप्रैल तक जम्मू-कश्मीर में असर दिखा सकता है।
विभाग ने पत्र में लिखा है कि मंगलवार से मैदानी इलाकों में जहां बारिश हो सकती है, वहीं पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की आशंका है और मंगलवार शाम से बुधवार और गुरुवार तक मौसम अधिक खराब रह सकता है।
विभाग ने भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि और तूफान की अाशंका भी जताई है। जम्मू-श्रीनगर और श्रीनगर-लेह मार्ग पर भूसखलन की भी चेतावनी जारी की गई है। वहीं, किसानों को भी सतर्क रहने को कहा गया है।
Source : naidunia
