रविंद्र जडेजा की भरपायी करना किसी भी टीम के लिये मुश्किल: ब्रैड हॉज

भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को तीनों विभागों का कुशल खिलाड़ी करार देते हुए गुजरात लायन्स के मुख्य कोच ब्रैड हॉज ने कहा कि किसी भी क्रिकेट टीम के लिये उन जैसे खिलाड़ी की भरपायी करना मुश्किल होता है.

बायें हाथ के स्पिनर को बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने कम से दो सप्ताह आराम करने की सलाह दी है और वह आईपीएल के शुरूआती मैचों में नहीं खेल पाएंगे. हॉज ने कहा, ‘‘रविंद्र ने हाल में (ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ) समाप्त हुई टेस्ट सीरीज में अविश्सनीय प्रदर्शन किया और मैं जानता हूं कि उन्हें शत प्रतिशत फिट होने के लिये कुछ समय चाहिए. ’’

क्या गुजरात लायन्स के पास उनकी जगह भरने के लिये कोई खिलाड़ी है, इस पर हॉज ने कहा, ‘‘नहीं. उनकी जगह कोई नहीं ले सकता. वह तीनों विभागों में कुशल खिलाड़ी है. वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी कर सकता है तथा चपल क्षेत्ररक्षक है. इसलिए किसी भी क्रिकेट टीम के लिये उनकी जगह भरना मुश्किल होगा. ’’

एक अन्य ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो चोटिल है तथा लॉयन्स को दो मैच ब्रावो और जडेजा के बिना खेलने होंगे. हॉज ने कहा, ‘‘उम्मीद है कि ब्रावो 20 अप्रैल तक फिट हो जाएंगे. वह कुछ मैचों के लिये महत्वपूर्ण खिलाड़ी होंगे. वह मस्त रहने वाला खिलाड़ी हैं और हमें उसका इंतजार है. ’’

आईपीएल दस में कुछ स्टार खिलाड़ियों की अनुपस्थिति पर हॉज ने कहा, ‘‘यह युवा खिलाड़ियों के पास खुद का कौशल दिखाने का अच्छा मौका है. ’’ गुजरात लायन्स का पहला मैच सात अप्रैल को यहां एससीए स्टेडियम में कोलकाता नाइटराइडर्स से होगा. लायन्स ने पिछली बार केकेआर के खिलाफ दोनों मैच जीते थे.


Source :ABPन्यूज़ 

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin