दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के लिए हुए मतदान के लिए मतगणना शुरू हो गई है. दिल्ली में निकाय चुनाव में इस बार किसी बड़े चुनाव की तरह पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंकी है. वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू हो गई. 35 जगहों पर वोटों की गिनती की जा रही है.
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने चुनाव परिणाम से पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ईवीएम पर दिए बयान पर कहा कि यह बताता है कि वह चुनाव परिणाम से पहले ही हार मान चुके हैं.
@ 8.19 17 सीटों में 11 बीजेपी, 4 कांग्रेस, 2 आप के पक्ष में रुझान
@ 8.15 11 सीटों में 7 बीजेपी, 3 कांग्रेस, 1 आप के पक्ष में रुझान
@ 8.13 बीजेपी नेता विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि अगर आप हारती है तो हम अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा मांगेंगे.
@ 8.12 बीजेपी 8 रुझानों में सबसे आगे
@ 8.08 आम आदमी पार्टी ने परिणाम से पहले ही हार मानी : दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी
@8.03am पहले रुझान में उत्तरी एमसीडी में बीजेपी आगे. यह पोस्टल बैलेट.
इससे पहले वोटिंग के बाद आए एग्ज़िट पोल में बीजेपी को भारी बहुमत से जीत की संभावना जताई गई है. इन चुनावों के बीच कांग्रेस के कई स्थानीय नेता बीजेपी में शामिल हुए और कभी आदमी पार्टी में रहे योगेंद्र यादव की स्वराज इंडिया पार्टी ने भी अपने उम्मीदवार उतारे थे.
एक निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतगणना सुबह आठ बजे शुरू होगी और रुझान घंटे भर के अंदर मिलने शुरू हो जाएंगे. दिल्ली के राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके श्रीवास्तव ने कहा, "हमने पर्याप्त व्यवस्था की है. मतगणना पूरी दिल्ली में 35 केंद्रों पर होगी. रुझान और परिणाम मतगणना केंद्रों से घोषित किए जाएंगे."
श्रीवास्तव ने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम के लिए 16 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, पूर्वी दिल्ली के लिए छह और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के लिए 13 केंद्र बनाए गए हैं.
तीनों नगर निगमों के लिए मतदान बीते रविवार को हुए थे. इसमें 54 फीसदी मतदान हुआ था और 1.32 करोड़ मतदाताओं ने शाम 5.30 बजे तक अपना वोट डाला था. मतदान तीन नगर निगमों के 270 वार्डों के लिए कराए गए थे. दो वार्डो में चुनाव नहीं कराया जा सका. इसमें पूर्वी दिल्ली का मौजपुर और उत्तरी दिल्ली का सराय पीपल थाला शामिल है. इन जगहों पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार का निधन हो गया था.
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) इस चुनाव में तीन प्रमुख दावेदार हैं.
