मुख्यमंत्री कन्यादान और निकाह योजना में फिलहाल स्मार्ट फोन की जगह तीन हजार रुपए का चेक मिलेगा। स्मार्ट फोन की खरीदी में लगने वाले समय और सामूहिक विवाह के मौके को देखते हुए यह फैसला किया गया है। इसके लिए सामाजिक न्याय विभाग ने मुख्यमंत्री को प्रस्ताव भेजा है, जिसे एक-दो दिन में मंजूरी मिलने की संभावना है। चेक के साथ दुल्हन को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का पत्र भी दिया जाएगा।
पिछले मंगलवार को हुई कैबिनेट में सरकार ने मुख्यमंत्री कन्यादान और निकाह योजना में दुल्हन को स्मार्ट फोन देने का फैसला किया था।
फोन खरीदने के लिए राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम को नोडल एजेंसी बनाया गया है। निगम केंद्र के उपक्रम से स्मार्ट फोन की दरें लेकर टेंडर निकालेगा। इसमें डेढ़ से दो माह लगने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए सामाजिक न्याय विभाग ने मुख्यमंत्री को तीन हजार रुपए का अकाउंट पेयी चेक देने का प्रस्ताव दिया है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भी सैद्धांतिक तौर पर प्रस्ताव से सहमत हैं, लेकिन प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सहित अन्य व्यस्तताओं से अनुमति नहीं मिल पाई। सूत्रों का कहना कि सोमवार या मंगलवार को अनुमति मिलने के बाद दुल्हन को सामूहिक विवाह समारोह में तीन हजार रुपए के चेक स्मार्ट फोन के लिए मुख्यमंत्री के पत्र के साथ दिया जाएगा।
भोपाल में होगा बड़ा सम्मेलन
यह भी तय किया है कि दुल्हन जो स्मार्ट फोन खरीदेगी, उसका पंजीयन समग्र पोर्टल में कराना होगा। इस फोन में सरकार के विभिन्न् कार्यक्रमों के एप्लीकेशन डाउनलोड करवाई जाएगी। साथ ही भोपाल में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में दो-तीन माह बाद एक बड़ा सम्मेलन किया जाएगा। इसमें स्मार्ट फोन से होने वाले फायदे बताए जाएंगे।
खरीदी में समय लगेगा: भार्गव
सामाजिक न्याय मंत्री गोपाल भार्गव ने बतायाकि स्मार्ट फोन खरीदने में डेढ़ से दो माह लग जाएंगे। केंद्र के उपक्रम से दरें ली जाएंगी, फिर ऑर्डर होंगे। लंबी प्रक्रिया को देखते हुए तीन हजार रुपए का चेक देने का निर्णय लिया है। अगले सप्ताह तक आदेश जारी हो जाएंगे।
