कल्पना चावला बनकर प्र‍ियंका चोपड़ा भरेंगी अंतरिक्ष की उड़ान

हॉलीवुड के अपने प्रोजेक्ट्स में प्रियंका चोपड़ा को अच्छी सफलता मिली. ऐसे में उनकी बॉलीवुड वापसी पर सवाल उठ रहे थे. लेकिन इन कयासों को गलत ठहरा दिया इस बड़ी खबर ने.

'जय गंगाजल' के बाद से बॉलीवुड से दूर हो गईं प्रियंका की वापसी अब तय हो गई है. खास बात ये है कि वह अब एक बायोपिक में दिखेंगी. जी, और यह अंतरिक्ष की उड़ान भरने वालीं भारत की बेटी कल्पना चावला पर बनने वाली फिल्म है.

एक लोकप्रिय अखबार के मुताबिक, 'देसी गर्ल' ने अपने अगले प्रोजेक्ट के लिए कल्पना चावला पर आधारित बायोपिक साइन की है.

एक साल से चल रही थी प्लानिंग
बताया जा रहा है कि चोपड़ा की टीम एक साल से भी ज्यादा समय से इस प्रोजेक्ट में शामिल थी और हाल ही में इसकी स्क्र‍िप्ट फाइनल हुई है.

फिल्म की निर्देशक प्रिया मिश्रा ने अखबार से इस खबर की पुष्टि की और बताया कि वह पिछले सात साल से इस फिल्म पर काम कर रही हैं. अब इसके लिए प्लैटफॉर्म तैयार हो गया है और एक नया प्रोडक्शन बैनर इस प्रोजेक्ट में इंवेस्ट करेगा. बताया जा रहा है कि यह फिल्म अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाई जाएगी.

कल्पना के परिवार से मिले फैक्ट्स
फिल्म की डायरेक्टर प्रिया मिश्रा ने कल्पना चावला की बायोपिक के लिए खूब रिसर्च की है. इसके लिए वह कल्पना के माता-पिता और भाई से भी कई बार मिलीं. बता दें कि प्रिया एक टीवी चैनल की क्र‍िएटिव हेड रह चुकी हैं और 2011 से इस प्रोजेक्ट के लिए मेहनत कर रही हैं.

अंरतिक्ष परी कल्पना
गौरतलब है कि कल्पना चावला भारत में हरियाणा में करनाल की रहने वाली थीं जो अंतरिक्ष में जाने वाली पहली भारतीय महिला अंतरिक्ष यात्री बनीं. इस अभियान में गए सभी यात्रियों ने अंतरिक्ष में 31 दिन, 14 घंटे और 54 मिनट बिताए. फरवरी 2003 में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अंतरिक्ष शटल विस्फोट होने की वजह से सभी सदस्यों की मृत्यु हो गई.

Source :AajTak

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin