#IPL10 : पहले ही मैच में चमके युवी, सनराइजर्स ने RCB को 35 रनों से दी पटखनी

पिछले चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल-10 में शानदार आगाज किया है. उसने सीजन के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 35 रनों से मात दी. कप्तान विराट कोहली की गैरमौजूदगी में 208 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी की पूरी टीम 19.4 ओवर में 172 रनों पर ढेर हो गई. हैदराबाद की ओर से राशिद खान, आशीष नेहरा और भुवनेश्वर कुमार ने 2-2 विकेट निकाले. आरसीबी को अपने चोटिल खिलाड़ियों के मैच से बाहर रहने का खामियाजा भुगतना पड़ा. हैदराबाद की ओर से 62 रनों की धमाकेदार पारी खेलने वाले युवराज सिंह मैन ऑफ द मैच रहे.

208 का टारगेट झेल नहीं पाए RCB के प्लेयर्स
आईपीएल-10 के उद्घाटन मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने RCB के सामने 208 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा था. हैदराबाद ने युवराज सिंह और एम. हेनरिक्स के अर्धशतकों के सहारे निर्धारित 20 ओवर में 207/4 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. लक्ष्य का पीछा करने उतरे RCB की ओर से मनदीप सिंह और क्रिस गेल ने पहले विकेट के लिए 52 रन जोड़े. इसी स्कोर पर मनदीप (24 रन) को अफगानिस्तान के फिरकी गेंदबाज राशिद खान ने बोल्ड कर दिया. इसके बाद 60 के स्कोर पर दीपक हुड्डा ने क्रिस गेल (32 रन) को वॉर्नर के हाथों लपकवाया. इसके साथ ही वॉर्नर ने टी-20 में 100 कैच पूरे किए.

विकेट गिरने का सिससिला जारी रहा
केदार जाधव (31 रन) 116 के स्कोर पर रन आउट हो गए. जबकि ट्रेविस हेड (30 रन) को 126 के स्कोर पर युवराज ने राशिद की गेंद पर लपका. 128 के स्कोर पर बिपुल शर्मा ने सचिन बेबी ( 1 रन) को आउट कर दिया. आरसीबी को पांचवां झटका लगा. 154 के स्कोर पर भुवनेश्वर की गेंद पर युवराज ने स्टुअर्ट बिन्नी (11 रन) को लौटाया. इसी के बाद 156 रन पर आरसीबी का सातवां विकेट गिरा, शेन वॉटसन (22 रन) को आशीष नेहरा ने पैवेलियन भेजा. इसी स्कोर पर एस. अरविंद (0) को नेहरा ने बोल्ड कर दिया. टाइमल मिल्स (6 रन) को भुवनेश्वर की गेंद पर वॉर्नर ने लपक लिया. 164 के स्कोर पर आरसीबी को 9वां झटका लगा. और पूरी टीम 172 रन पर ढेर हो गई.

युवराज सिंह ने 23 गेंदों मेें अर्धशतक जमाया
हैदराबाद की और से एम. हेनरिक्स और शिखर धवन ने दूसरे विकेट के लिए 74 रन जोड़े. शिखर (40 रन) को 93 के स्कोर पर स्टुअर्ट बिन्नी ने आउट किया. 151 के स्कोर पर  हेनरिक्स (52 रन) को यजुवेंद्र चहल ने लौटाया,  कैच सचिन बेबी ने पकड़ा. युवराज सिंह (62 रन) को 190 के स्कोर पर टाइमल मिल्स ने बोल्ड कर दिया. युवी ने 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था. जो आईपीएल में उनकी सबसे तेज फिफ्टी है. इससे पहले युवी ने 24 गेंदों में अर्धशतक लगाया था.  उन्होंने 27 गेंदों की पारी में 7 चौके और तीन छक्के लगाए. दीपक हुड्डा (16 रन) और बेन कटिंग 6 गेंदों में धमाकेदार 16 रन बनाकर नाबाद लौटे.

RCB ने वॉर्नर को आउट कर दिया था पहला झटका

आरसीबी ने हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया. सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से कप्तान डेविड वॉर्नर और  शिखर धवन ने पारी की शुरुआत की. पहले ओवर टाइमल मिल्स ने फेंका. जिसमें 7 रन बने. वॉर्नर ने चौके के सहारे अपना खाता खोला है. अनिकेत चौधरी दूसरे ओवर के लिए आए. उनका वॉर्नर ने चौके के साथ स्वागत किया है. इसी ओवर में वॉर्नर ने आईपीएल का पहला छक्का जड़ा. लेकिन चौथी गेंद पर ही अनिकेत ने  19 के स्कोर पर वॉर्नर (14 रन) को मनदीप सिंह के हाथों कैच करा दिया.

Source : आजतक

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin