शाहिद कपूर ने बेटी मीशा के साथ कुछ इस अंदाज में मनाया #WorldDanceDay

नई दिल्‍ली: वर्ल्‍ड डांस डे पर यूं तो कई लोग अपने डांसिंग मूव्‍ज दिखाते नजर आ रहे हैं लेकिन सोशल मीडिया पर अपने डांस के लिए खुद फेमस एक्‍टर शाहिद कपूर ने अपनी नन्‍हीं सी बेटी के साथ एक डांसिंग वीडियो पोस्‍ट किया है और यकीन मानिए इसे देखकर आपका भी डांस करने का मन करने लगेगा. पापा के साथ डांस करती मीशा काफी क्‍यूट नजर आ रही है. शाहिद ने बेटी के साथ डांस करने वाला यह वीडियो इंस्‍टाग्राम पर पोस्‍ट किया है. इस वीडियो में डांसिंग पॉपस्‍टार माइकल जैक्‍सन का गाना बज रहा है और स्‍ट्रैप से बंधी हुई मीशा पापा के साथ मस्‍ती में नाच रही है. वीडियो में मीशा पापा को पूरी तरह फॉलो करने की कोशिश कर रही है और लगता है शाहिद और मीशा का यह डांस उनके फैन्‍स को काफी पसंद आ रहा है. सिर्फ एक घंटे पहले पोस्‍ट किए इस वीडियो को अभी तक 4 लाख से ज्‍यादा लोगों ने देख लिया है.

हाल ही में शाहिद ने अपनी बेटी के साथ ही एक पूल का फोटो भी पोस्‍ट किया था. फोटो में मीशा पापा के साथ पूल में मस्‍ती करते हुए नजर आ रही है.

शाहिद ने दिल्‍ली की रहने वाली मीरा राजपूत से साल 2015 में शादी की थी और पिछले साल अगस्‍त में उनकी बेटी मीशा का जन्‍म हुआ है. शाहिद और मीरा ने लंबे समय तक अपनी बेटी को सोशल मीडिया और फोटोग्राफर्स की नजरों से बचा कर रखा. हाल ही में खुद शाहिद ने पत्‍नी के साथ बेटी की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की थी.


बता दें कि बॉलीवुड में फिल्‍म 'ईश्‍क-विश्‍क' से अपना सफर शुरू करने से पहले शाहिद कपूर कॉरियोग्राफर शामक डावर के इंस्‍टिट्यूट में डांस सीख चुके हैं और उन्‍होंने कई फिल्‍मों में बैकग्राउंड डांसर की तरह काम किया है. शाहिद फिल्‍म 'ताल', 'दिल तो पागल है' जैसी फिल्‍मों में पीछे डांसर थे. शाहिद इन दिनों संजय लीला भंसाली की फिल्‍म 'पद्मावती' की शूटिंग में बिजी हैं. यह फिल्‍म इसी साल नवंबर में रिलीज हो सकती है.

Source : NDTVइंडिया 

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin