सिंगापुर ओपन सुपर सीरीज़ के फ़ाइनल में दो भारतीय खिलाड़ी नेट्स के आर-पार होंगे. बैडमिंटन के इतिहास में ये पहला मौक़ा है जब दो भारतीय खिलाड़ी सुपर सीरीज़ के फ़ाइनल में एक-दूसरे को टक्कर देंगे. सिंगापुर ओपन सुपर सीरीज़ में भारत के के. श्रीकांत और बी साई प्रणीत ने अपने-अपने सेमीफ़ाइनल जीतकर फ़ाइनल में जगह बनाई.
हैदराबाद के 24 साल के किदांबी श्रीकांत ने इंडोनेशिया के एंथनी सिनिसुका गिन्टिंग को 21-13, 21-14 से हराकर फ़ाइनल में जगह बना ली. इस मैच को जीतने में श्रीकांत ने 42 मिनट का समय लिया. श्रीकांत इकलौते भारतीय पुरुष खिलाड़ी हैं जिन्होंने इससे पहले दो सुपर सीरीज़ ख़िताब (चाइना ओपन 2014, इंडिया ओपन 2015) अपने नाम किए हैं. आंध्र प्रदेश के बी साई प्रणीत सिंगापुर ओपन सुपर सीरीज़ के फ़ाइनल में पहुंच गए हैं. प्रणीत का ये पहला सुपर सीरीज़ फ़ाइनल मुकाबला है.
प्रणीत ने कारियाई खिलाड़ी किउन की चुनौती को ध्वस्त कर फाइनल में स्थान बनाया
सिंगापुर ओपन के सेमीफ़ाइनल में साई प्रणीत ने कोरिया के ली दॉन्ग किउन 21-6, 21-8 से हरा दिया. दोनों खिलाड़ियों के बीच इससे पहले सिर्फ़ एक मैच खेला गया था जिसे कोरियाई खिलाड़ी ने जीता था. लेकिन सिंगापुर ओपन में प्रणीत ने कोरियाई किउन को 38 मिनट में हराकर सुपर सीरीज़ फ़ाइनल में पहली बार कदम रख लिया. प्रणीत और श्रीकांत के साथ भारतीय बैडमिंटन फ़ैन्स के लिए ये जीत इसलिए भी अहम है क्योंकि इस टूर्नामेंट में पीवी सिंधु भी खेल रही थीं जिन्हें ओलिंपिक चैंपियन कैरोलिना मॉरिन ने हराकर ( 21-11,21-15) टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया. भारत के लिए पुरुषों में सुपर सीरीज़ जीतने का कारनामा इससे पहले बेशक हैदराबाद के के श्रीकांत ने किया है. लेकिन भारत के नाम एक और सुपर सीरीज़ का ख़िताब होना तय हो गया है.
