जस्टिन बीबर के कॉन्सर्ट में एक-साथ पहुंचे अरबाज-मलाइका, अगले दिन लिया तलाक

मलाइका अरोड़ा और अरबाज खान का कानूनी तौर पर गुरुवार को तलाक हुआ. ठीक एक दिन पहले जोड़ी ने 14 साल के बेटे अरहान के साथ पॉपस्टार जस्टिन बीबर का लाइव कॉन्सर्ट नवी मुंबई में अटेंड किया था.

अरबाज खान और मलाइका अरोड़ा का कानूनी तौर पर तलाक हो चुका है. बुधवार को जोड़ी ने बेटे अरहान के साथ नवी मुंबई में आयोजित पॉपस्टार जस्टिन बीबर का कॉन्सर्ट अटेंड किया था. वहीं, गुरुवार को बांद्रा के फैमिली कोर्ट ने इनकी तलाक की अर्जी को मंजूरी दे दी. मिड डे में छपी खबर के मुताबिक, जोड़ी के वकील क्रांति साठे और अमृता साठे पाठक ने तलाक की खबर की पुष्टि की है. बता दें, जोड़ी के बेटे अरहान की कस्टडी मलाइका को दी गई है. अरबाज जब चाहें उनसे मिल सकते हैं।

लंबी डेटिंग के बाद मलाइका और अरबाज की 1998 में शादी हुई थी. उनका बेटा अरहान 14 साल का है. मलाइका और अरबाज को आखिरी बार टीवी रियलिटी शो पॉवर कपल में साथ देखा गया था. इस शो को दोनों ने कुछ समय के लिए एक साथ होस्ट किया था. बाद में मलाइका ने शो छोड़ दिया था. पिछले साल मार्च महीने में इनके अलगाव की खबरें आई थी. 

दोनों का स्टेटमेंट डीएनए में प्रकाशित हुआ था, जिसमें लिखा था, "हां, हम अलग हो गए हैं. सच यह है कि हमने ब्रेक लिया है लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि लोग हमारे बारे में कुछ भी सोचें या बात करें. हमने अब तक इस मामले में कुछ नहीं कहा था, लेकिन इससे काफी कन्फ्यूजन क्रिएट हो गया है और हमारे परिवारों के लिए परेशानी बढ़ गई है. इसलिए सभी अफवाहों पर लगाम लगाते हुए हम यह बयान दे रहे हैं. कुछ लोग खुद को हमारा दोस्त बताते हुए हमारे बारे में गलत जानकारी दे रहे हैं. हमारा एक बेटा है और हमारे परिवार इससे जुडे़ हैं. लेकिन इस बारे में हमने कुछ नहीं कहा, इसका मतलब यह नहीं है कि कोई हमारे बारे में कुछ भी सोच सकता है."


अलग होने के बाद भी कई बार मलाइका को खान परिवार के साथ देखा गया है. ईद के मौके पर मलाइका अरबाज के गैलेक्सी अपार्टमेंट स्थित घर भी गई थीं. इसी साल 30 मार्च को अरबाज-मलाइका फैमिली वेकेशन पर मालद्वीप गए थे. सलमान के भांजे आहिल शर्मा के पहले बर्थडे पर पूरा खान परिवार एक साथ मालदीव पहुंचा था.

Source : NDTV इंडिया 

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin