रायपुर। बार-बार बताए जाने के बाद भी अभी तक बैंक में अपना आधार नंबर जमा न कराने वाले खाताधारकों पर लगाम कसी जाएगी। बैंकों द्वारा इनके खाते बंद करने की तैयारी है। बताया जा रहा है कि एक बार अकाउंट बंद होने के बाद उपभोक्ता को फिर से बैंकों में जाकर आवेदन करना होगा।
उस दौरान बैंक उपभोक्ता से कारण भी पूछेगा कि उसने अब तक आधार नंबर क्यों जमा नहीं कराए। बैंकिंग सूत्रों का अभी तक (जुलाई 2014 से अगस्त 2015) के बीच खातों को आधार नंबर से न जोड़ने वाले हजारों खाताधारकों के अकाउंट बंद करने की तैयारी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि सोमवार को बैंक प्रबंधन ने अपने कर्मचारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दे दिया है कि ऐसे खातों को खंगाला जाए। 30 अप्रैल तक बैंकों में आधार जमा करना था।
अभी सभी शासकीय तथा निजी बैंकों को इस प्रकार के खातों को खंगाला जा रहा है तथा उनकी जांच की जा रही है कि इनमें कितने में पैसे हैं और अभी तक इनकी क्या स्थिति है। साथ ही बैंकिंग सूत्रों का कहना है कि एक बात समझ से परे है कि केवायसी से जोड़ने के लिए इन लिमिटेड पीरियड ही क्यों दिया गया है।
आधार लिंक कराना जरूरी, कई बार चेताया
उपभोक्ताओं के अकाउंट आधार से लिंक होने चाहिए। इसके लिए ही बार-बार उपभोक्ताओं को चेताया गया है कि वे बैंक में अपना आधार जमा करवा दे। कितने खातों ने अभी तक आधार नहीं दिया है,
इस बारे में कुछ नहीं बताया जा सकता। - सुनील अग्रवाल, सहायक महाप्रबंधक, पीएनबी
