शाबाश: 11 साल के बच्चे ने पास की 12वीं की परीक्षा, जानें कैसे


अगर आपसे पूछा जाए कि 11 साल का बच्चा किस क्लास में पढ़ाई करता होगा, तो आपका जवाब यही होगा कि 5वीं या 6वीं क्लास में. लेकिन आपको यह सुनकर हैरानी होगी कि तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के रहने वाले एक 11 वर्षीय बच्चे ने 12वीं की परीक्षा दी और उसमें फर्स्ट डिविजन से पास भी हो गया है.

आगस्त्य जयसवाल के पिता अश्व‍िनी कुमार की खुशी का उस वक्त ठिकाना न रहा, जब उन्हें यह पता चला कि उनका 11 साल का बेटा 12वीं कक्षा में 63 प्रतिशत के साथ पास हो गया है.


आगस्त्य के पिता का दावा है कि तेलंगाना में 12वीं पास करने वाले छात्रों में आगस्त्य सबसे कम उम्र के हैं. आगस्त्य के नाम सबसे कम उम्र में 12वीं पास करने का रिकॉर्ड हो गया है.

आगस्त्य सेंट मेरी जूनियर कॉलेज के छात्र हैं और इस साल मार्च में उन्होंने 12वीं की परीक्षा दी है.

हालांकि आगस्त्य के लिए यह बहुत बड़ी बात नहीं है, क्योंकि आगस्त्य साल 2015 में 9 साल की उम्र में SSC एग्जाम पास करके सभी को हैरान कर चुके हैं.

आगस्त्य के पिता अश्व‍िनी कुमार ने कहा कि SSC परीक्षा में बैठने के लिए तेलंगाना SSC बोर्ड से विशेष तौर पर परमिशन लेना पड़ा था, पर इंटरमीडिएट परीक्षा में बैठने के लिए ऐसी स्वीकृति लेने की जरूरत नहीं पड़ी.

बोर्ड ऑफ इंटरमीडिएट एजुकेशन के एक अधिकारी ने बताया कि 12वीं की परीक्षा में बैठने के लिए उम्र की कोई बाध्यता नहीं है. उम्मीदवार को केवल विषयों, मीडियम और दूसरी भाषा के बारे में जानकारी देनी होती है.

इस छोटी सी उम्र में 12वीं पास करने के बाद आगस्त्य को गिफ्ट मिला. लेकिन उनके परिवार के लिए कुछ नया नहीं है. आगस्त्य, इंटरनेशनल टेबल टेनिस प्लेयर नैना जयसवाल के छोटे भाई हैं. नैना के नाम सबसे कम उम्र में PhD में दाखिला लेने वाली स्पोर्ट्स पर्सन का रिकॉर्ड है.


नैना ने 15 साल की उम्र में ओस्मानिया यूनिवर्सिटी से पोलिटिकल साइंस में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है.


Source : Aaj Tak

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin