वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल: हॉकी में भारत ने कनाडा को 3-0 से दी मात

लंदन में भारत और पाकिस्तान के बीच चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले पर जहां सभी की नजरें टिकी हैं, वहीं भारतीय खेल प्रेमियों के लिए एक दिन पहले लंदन से ही खुशखबरी आई है. दरअसल, भारत ने हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल ( 2018 हॉकी वर्ल्ड कप क्वालिफायर) में लगातार दूसरी जीत हासिल की. शनिवार को उसने कनाडा को 3-0 से मात दी. इससे पहले गुरुवार को भारतीय टीम ने स्कॉटलैंड को 4-1 से शिकस्त दी थी.

लंदन में चल रहे टूर्नामेंट के इस मैच में भारत की ओर से एसवी सुनील ने पांचवें मिनट में पहला गोल दागा. जबकि आकाशदीप और सरदार सिंह ने क्रमशः10वें और 18वें मिनट में गोल किए. हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान एक ही पूल-बी में हैं. अब 18 जून को भारत का मुकाबला अपने परंपरागत प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से हैं. उसी दिन चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट के फाइनल में भी भारत और पाकिस्तान एक-दूसरे से भिड़ेंगे.

20 जून को भारत का मुकाबला नीदरलैंड से होगा. इसके बाद क्वार्टर फाइनल मुकाबले 22 को, सेमीफाइनल 24 को और फाइनल 25 जून को होगा. उधर, 8-23 जुलाई तक हॉकी वर्ल्ड लीग का दूसरा सेमीफाइनल जोहानिसबर्ग में और फाइनल 1-10 दिसंबर तक भुवनेश्वर में खेला जाएगा.


प्रतियोगिता के ये सेमीफाइनल 2018 के वर्ल्ड कप हॉकी का क्वालिफायर भी हैं. वर्ल्ड कप में 10 टॉप टीमों के अलावा मेजबान और पांच कॉन्टिनेंटल चैंपियन टीमें भाग लेंगी. अगले साल होने वाले इस वर्ल्ड कप हॉकी (24 नवंबर से 16 दिसंबर 2018) का मेजबान भारत है.

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin