जानिये आपके नाखून क्या कहते हैं आपके व्यक्तित्व के बारे में


हम सभी जानते हैं कि हाथो की लकीरें एवं मस्तिष्क की रेखाएं देखकर, आपके भविष्य की संभावनाओं की भविष्यवाणी तो ज्योतिषविद्या के जानकर करते हैं, लेकिन क्या आपको पता है की, ज्योतिषशास्त्र में आपके हाथो की अँगुलियों पर मौजूद नाख़ून को भी इंसानी आचरण, व्यहार, उसके भाग्य का निर्धारण करने वाला माना जाता है |


जी हाँ, यह बिकुल सत्य है की आपकी अँगुलियों के नाखूनों के अलग-अलग स्वरूप भी आपके भाग्य का संकेत करते हैं, ऐसा ज्योतिषविद्या के जानकारों का मानना है | समुन्द्रशास्त्र में इस सम्बन्ध में जानकारियां मिलती है, जिसका प्रयोग विद्वान इंसान के भाग्य का निर्धारण करने में करते हैं | हालांकि विज्ञान ऐसी अप्रमाणिक और तर्कहीन विद्याओं को पूर्णतः ख़ारिज करता है | साथ ही इस प्रकार की मान्यताओं की जन्मस्थली भारत ही है, और सिर्फ भारत और आस-पास के कुछ पडोसी राष्ट्रों में ही माना जाता है | बावजूद इसके यह भी सच है की, हमारे आधुनिक समाज में भी काफी संख्या ऐसे लोगों की है, जो ऐसी भाग्यवादी सोच में काफी विश्वास रखते हैं |
विश्वास हो या न हों, ऐसी जानकारियां रोचक होती हैं | हालाँकि अगर आप इन्हें लेकर आवश्यकता से अधिक गंभीर होंगे, तो सम्भव है की यह जीवन के प्रति आपके नजरिये को प्रभावित भी करें | अगर इन संकेतों से कुछ अच्छे सन्देश मिलते हैं, फिर तो आपके मनोबल को बढ़ाने वाला साबित हो सकता है, और यदि भाग्यवादी विश्लेषण में किसी प्रकार की गलत बातें निकल के सामने आती है, तो इंसान की मानसिकता नकरात्मकता से प्रभावित हो सकती है | इन सब बातों को मद्देनजर रखते हुए आइये देखते हैं, इस रोचक अध्ययन को, और जानते हैं आपकी अँगुलियों के सुंदर नाख़ून आपके भाग्य के बारे में क्या कहते हैं ? नाखूनों के कितने प्रकार ज्योतिषशास्त्र में दर्शाये गए हैं, और उनका अलग-अलग क्या विश्लेषण होता है ? साथ ही हम यह भी जानेंगे की चिकित्सा विज्ञान आपके नाखूनों के बारे में क्या कहता है ?

तो आइये देखते हैं, आपके नाख़ून आपके व्यक्तित्व के बारे में क्या कहते हैं :

1. छोटे और गोलाकार नाख़ून वाले लोग:

अक्सर जिनके हाथों की अँगुलियों में औषतन छोटे-छोटे एवं गोलाकार स्वरूप वाले नाख़ून होते हैं, वैसे लोग काफी हंसमुख होते हैं । अपने हंसमुख चेहरे से किसी को भी हंसाने की उनके पास कला होती है । साथ ही ऐसे लोग अत्यंत ही बहादुर और मजबूत शरीर वाले भी होते हैं ।

2. आगे की तरफ नुकीली त्रिकोणी नाख़ून वाले चरित्र:

प्रायः इस तरह के नाखूनों वाले इंसान के इरादे बेहद मजबूत होते हैं । ऐसे लोग हर काम बहुत ही चालाकी और बुद्धिमानी से अंजाम तक पहुंचाते हैं, इसलिए परिणाम भी सकारात्मक ही होते हैं। अक्सर किसी भी काम को प्रारम्भ करने से पहले, उसके हर परिणाम का अंदाज लगाकर ही काम करते हैं। जिसकी वजह से इनका हर तीर लगभग निशाने पर ही बैठता है | इनकी समझदारी और सही समय पर सही फैसले की वजह से, ये समाज में अपनी अलग पहचान बनाने में भी कामयाब होते हैं |

3. सपाट और चौड़े नाख़ून वाले लोग:

जिन लोगों के पास कुदरती तौर पर काफी हद तक सपाट एवं चौड़े नाख़ून होते है, ज्योतिषशास्त्रियों के अनुसार ऐसे लोग काफी मजबूत दिल के होते हैं I  जीवन में कभी भी यदि इनके साथ बड़े से बड़ा हादसा भी हो जाए तो, ये हार नहीं मानते हैं । हर स्थिति में लड़ना -जूझना इनकी आदतों में शुमार होता है | हालाँकि ऐसे लोगों का स्वभाव हमेशा साधारण ही होता है और यह अपने मनोभाव को दबा कर रखने में बेहद माहिर माने जाते हैं |

4. छोटे-छोटे और कुछ घुमावदार जैसे नाख़ून वाले व्यक्ति:

ज्योतिषविद्या की माने तो, ऐसे लोग काफी बुद्धिमान होते हैं । दिमाग से बेहद तेज होते हैं, और इनमे किसी भी बात को समझने की क्षमता होती है । यह अपने हर काम को बेहद समझदारी और चतुरता से अंजाम देते हैं । साथ ही, ऐसे नाखूनों वाले लोगों में किसी को भी अपने वश में करने की अद्भुत कला होती है । अपनी समझदारी और विद्वता के प्रभाव से, ये लोगों को अपनी बात मानने को विवश कर देते हैं | ऐसे लोग बेहद तर्कशील भी होते हैं |

5. वर्ग की तरह नाख़ून वाले इंसान का चरित्र:

जिन लोगों के हाथों की अँगुलियों में वर्गाकार नाख़ून होते हैं, माना जाता है की ऐसे लोग काफी हट्ठे-कट्ठे एवं बहुत ज्यादा मेहनती होते हैं। अपना हर काम ऐसे लोग ईमानदारी से करते हैं । लेकिन साथ ही ऐसे लोगों का व्यव्हार नेताओं की तरह होता है | हर-बात को घुमा-फिर कर पेश करना इनकी आदतों में शुमार होता है | इसकी वजह से कई बार बिगड़ी हुई बात बन जाती है, तो कई बार बनी हुई बात भी बिगड़ जाती है |

6. लम्बे – लम्बे और साधारण से दिखने वाले नाख़ून वाले लोग:

अक्सर इस तरह के नाख़ून वाले लोग हमेशा कुछ न कुछ नया करने की सोच रखते हैं । इन पर हर समय परिवर्तन और क्रन्तिकारी सोच हावी रहती है | यही कारण है की इस प्रकार के नाखूनों वाले लोग अधिकतर वैज्ञानिक, अविष्कारक, लेखक आदि होते हैं, और ये  अपनी कला से ही लोगों में पहचान बनाते हैं । यह अपनी कल्पना को एक नया रूप देकर लोगो के सामने लाते हैं । साथ ही ऐसे लोग बेहद जुनूनी भी होते हैं, और अपनी सोच को मूर्त रूप देनें के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार रहते हैं |

7. लम्बे और आयत की तरह दिखने वाले नाख़ून के व्यक्ति:

ऐसे लोग दिलफेंक किस्म के होते हैं | अक्सर इस तरह के नाखूनों वाले लोगो में एक बहुत ही अद्भुत कला होती है कि, वो किसी भी पुरुष या महिला को अपना दोस्त बनाने में सक्षम होते हैं । ऐसे लोग हमेशा व्यव्हार से एकदम सख्त और सच बोलने में यकीन रखने वाले होते हैं । सच्चाई और ईमानदारी कि वजह से ही मित्रता को ये काफी टिकाऊ बना पाते हैं | हालाँकि कई बार इनकी सच्चाई अन्य लोगों के लिए मुश्किल ही बन जाती है |

8. चिकित्सा विज्ञान की नजर में नाख़ून:

नाखूनों से जुड़े चिकित्सा विज्ञान का इतिहास काफी पुराना माना जाता है । पुरातन काल में जब बीमारी की जांच के लिए आज के जैसे टेस्ट की सुविधा नहीं होती थी, तब हकीम और वैद्य सबसे पहले हाथ के नाखूनों के रंग से ही बीमारी का अनुमान लगाते थे । यही नहीं, आयुर्वेद व होमियोपैथी में आज भी कुछ पुराने विशेषज्ञ स्वास्थ्य की जांच के समय नाखूनों के रंग को अवश्य देखते हैं । विभिन्न वैज्ञानिक शोधों में भी यह बात साबित हो चुकी है कि, कई रोगों के पनपने के साथ-साथ नाखूनों का रंग भी अचानक बदलने लगता है । आइये जानते हैं की आपके नाख़ून किस प्रकार आपके स्वास्थ्य के लिए संकेत साबित हो सकते हैं|

9. नाख़ून का पिला होना:

जैसा की हमें देखने को मिलता हैं फंगल संक्रमण की वजह से हमारी अंगुलियों के नाख़ून कभी-कभार पिले-पिले से नजर आने लगते हैं | अगर आपकी अँगुलियों के नाखूनों में भी पिला रंग प्रदर्शित हो तो, आपके नाखूनों की यह रंगत अनीमिया, ह्रदय रोग, कुपोषण पीलिया, थायरायड आदि के लक्षण हो सकते हैं | साथ ही इस रंगत से मधुमेह और सिरोसिस  जैसी गंभीर बिमारियों की आशंकाएं भी काफी प्रबल हो जाती हैं | इसी प्रकार आपके नाख़ून अगर अपेक्षकृत कम विकास कर रहे हैं, तो इससे फेफड़ों में परेशानी की आशंकाएं बलवती हो जाती हैं | आप किसी उच्च कोटि के चिकित्सक की सलाह लेकर इन आशंकाओं के प्रति सुनिश्चित होना संभव करें|

10. नाखूनों का सफ़ेद होना:

अक्सर यह देखने को मिलता हैं कि, हमारे आस-पास या परिवार में मौजूद किसी सदस्य के नाखूनों पर  अचानक ही हल्के -हल्के सफ़ेद से धब्बे प्रतीत होने लगते हैं | यहाँ तक की कई बार हल्के-फुल्के धब्बे बढ़ते-बढ़ते, पुरे नाख़ून का रंग ही सफ़ेद हो जाता है | अगर वास्तव में आपके खुद के नाख़ून या दोस्त-मित्रों, परिवारवालों के नाख़ून रंगहीन और सफ़ेद दिखने लगे तो, जितनी जल्दी हो सके किसी अच्छे चिकित्सक से अपने स्वास्थ्य की जाँच अवश्य कराये | जानकारों के अनुसार नाखूनों की यह रंगत यकृत संबंधी विकारों के साथ ही दिल और आंत की समस्याओं के लक्षण हो सकते हैं |

11. उभरे हुए नाखून:

अँगुलियों के नाखूनों कि बाहर एवं अगल-बगल की त्वचा का सामान्य से अधिक उभरा हुआ होना, हृदय से सम्बंधित विकारों के अलावा, आपके महत्वपूर्ण आंतरिक अंगों जैसे फेफड़े एवं आँतों में अनावश्यक फैलाव का भी संकेत हो सकता है । अगर आपके भी अँगुलियों के नाख़ून कि बाहरी और आस-पास कि त्वचा आवश्यकता से अधिक उभरी हुई है तो,लापरवाही से बाज आएं और तुरंत डॉक्टर से मिलें |

12. नीलापन लिए हुए नाखून :

आपकी हाथों की अंगुलियों के नाखूनों में नीलेपन की रंगत भी बेहद चिंताजनक तस्वीर को परिलक्षित करने का काम करती है | नाख़ून के सम्बन्ध में जानकारों के अनुसार जो आक्सीजन हम सांसों के माध्यम से शरीर के अंदर लेते हैं, एक सामान्य इंसानी शरीर में इन आक्सीजन का संचरण आंतरिक धमनियों में अच्छी तरह होता हैं, लेकिन जब हमारे शरीर में यह आक्सीजन हर आवश्यक जगह नहीं पहुँच पाता हैं, अर्थात आक्सीजन का संचरण ठीक से नहीं हो पाता है तो, अक्सर नाखूनों का रंग नीलेपन सा नजर आने लगता है | कारण कुछ भी हों, आपके नाखूनों का इस प्रकार नीला होना, फेफड़ा में संक्रमण, निमोनिया के लक्षण और ह्रदय संबंधी रोगों की वजह साबित हो सकता है I  इसलिए बेहतर यही होगा कि, तुरंत किसी अच्छे डॉक्टर से इस सम्बन्ध में सलाह लेना अवश्य सुनिश्चित कर लें  |

13. अर्द्ध गुलाबी रंगत और अर्द्ध उजाले वाले नाख़ून:

आपके नाखूनों का आधा गुलाबी और आधा सफ़ेद रंगत का होना भी एक बड़ी समस्या की ओर संकेत करता  है | आपके नाखूनों की यह रंगत गुर्दे संबंधी विकारों एवं परेशानियों के अलावा सिरोसिस की समस्या के भी लक्षण हो सकते हैं | बिल्कुल भी लापरवाही न बरते, अपने फैमिली डॉक्टर से तुरंत मिलें |

14. नाखुनो की लाल रंगत:

अगर आपके नाख़ून आवश्यकता से अधिक लाल दिख रहे हैं, तो यह आपके शरीर में उच्च रक्तचाप के लक्षण को दर्शाने का काम करता है | जब भी ऐसा दिखे, तो अपने रक्चाप की अच्छी तरह जांच करा कर आवश्यक दवाओं का सेवन करें | उच्च रक्तचाप का होना बीमारी से ज्यादा, कई गंभीर बिमारियों की वजह बनता है |

15. नाखुनो की जामुनी रंगत:

अगर आपके नाख़ून जामुन की तरह काले या गहरे नीले से दिखने लगे तो तुरंत डॉक्टर से मिलें | आपके नाखूनों की यह रंगत निम्न रक्तचाप की समस्या के लक्षण हो सकते हैं |

16. चम्मच जैसी आकार वाले नाख़ून:

अगर आपके या आपके किसी मित्र के अँगुलियों के नाख़ून चम्मच की तरह आकृती सा दिख रहे हैं, तो यह शरीर में खून की कमी और कमजोरी के संकेत साबित हो सकते हैं | साथ ही नाखुनो का यह अंदाज अनुवांशिक भी हो सकता है |

तो ये थी आपके नाखूनों के सम्बन्ध में ज्योतिषशास्त्र और विज्ञान के नजरिये से कुछ रोचक और बेहद अहम जानकारियां | मुख्य रूप से नाखूनों से मिलने वाले स्वास्थ्य संबंधी संकेतों को गंभीरता से लेने की जरुरत है | जब भी इन संकेतों के आधार पर आपके नाखूनों में किसी प्रकार का बदलाव दिखें, बेहतर होगा की आप किसी अच्छे डॉक्टर से सलाह लेकर अपने स्वास्थ्य का परिक्षण कराएं |

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin