बाज़ार में 500 और 2000 के नए नोट आने के बाद अब आरबीआई जल्द ही 200 रुपए का नया नोट लाने वाली है और इस नये नोट की छपाई भी शुरू हो चुकी है। ग़ौरतलब है कि सरकार ने नोटबंदी के बाद 500 और 2000 के नये नोट छपवाए थे। एक अंग्रेजी अखबार की खबर के अनुसार रिजर्व बैंक ने अपनी कुछ यूनिट्स में नए नोट की छपाई शुरू कर दी है। माना जा रहा है की रोजमर्रा के लेनदेन को आसान बनाने के उद्देश्य से इस नोट को बाजार में उतारा जाएगा। अखबार के दावा है कि मामले से जुड़े दो लोगों के अनुसार रिजर्व बैंक ने कुछ हफ्ते पहले ही इन नोटों की छपाई का आदेश दिया है। पहले इन नोटों को जुलाई में जारी करने की बात कही गई थी लेकिन इसमें कुछ देरी हो सकती है।
हालांकि रिजर्व बैंक की तरफ से इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है लेकिन अखबार को दिए एक बयान में स्टेट बैंक के ग्रुप चीफ इकॉनामिस्ट सौम्या कांति घोष के अनुसार 200 का नोट आने के बाद लेनदेन में आसानी हो जाएगी।
बता दें कि रिजर्व बैंक ने मार्च में हुई एक बैठक में 200 रुपए के नोटों को लागू करने का फैसला किया था। घोष के अनुसार 200 रुपए का नोट बाजार में आने के बाद छोटे नोटों की कमी पूरी करने में मदद मिलेगी।
Source : INDIA TV
