कपिल शर्मा को बड़ा झटका, इस रविवार उनके शो को 'सुपरनाइट विद ट्यूबलाइट' से रिप्लेस कर रहा है चैनल


टीवी के कॉमेडी किंग कपिल शर्मा को सोनी टीवी ने बड़ा झटका दिया है. इस रविवार उनके ‘द कपिल शर्मा शो’ को चैनल ने ड्रॉप कर दिया है. उनके शो की जगह इस रविवार सुनील ग्रोवर का शो ‘सुपरनाइट विद ट्यूबलाइट’ का प्रसारण होगा. इस शो के कई प्रोमो चैनल ने जारी किए हैं जिनमें दिखाया जा रहा है कि सुनील ग्रोवर का शो रविवार को रात 9 बजे प्रसारित होगा.

बता दें कि इस खास शो को सलमान खान की फिल्म ‘ट्यूबलाइट’ को प्रमोट करने के लिए किया गया है. ‘दबंग खान’ की फिल्म ‘ट्यूबलाइट’ 25 जून को रिलीज होगी. इसी बीच रिलीज से पहले सलमान की फिल्म ट्यूबलाइट के चलते छोटे पर्दे पर बड़ा उलटफेर हो गया है.

‘सुपर नाइट विथ ट्यूबलाइट’ शो  दो घंटे का महाएपिसोड होगा. सबसे खास बात यह है कि शनिवार और रविवार को चैनल पर ‘द कपिल शर्मा शो’ दिखाया जाता है लेकिन इस बार यह शो नहीं दिखाया जाएगा. इस हफ्ते रविवार दोपहर 12 बजे और रात 9 बजे ‘सुपर नाइट विथ ट्यूबलाइट’ दिखाया जाएगा.


इस शो में सलमान के साथ उनके भाई और फिल्म प्रोड्यूसर अरबाज खान भी दिखाई देंगे. इसके अलावा कुछ नन्हें कलाकार भी शो में चार चांद लगाते दिखाई देंगे.

दो घंटे के इस महाएपिसोड में सुनील ग्रोवर, अली असगर, चंदन प्रभाकर, सुगंधा मिश्रा और संकेत भोसले लोगों को अपनी कॉमेडी से हंसाने के लिए तैयार हैं. सोनी इंटरटेनमेंट चैनल ने अपने फेसबुक और ट्विटर अकाउंट पर शो से जुड़े कई ट्वीट किए.  अपने पोस्ट में चैनल ने शो की कुछ झलकियां दिखाईं है, जिसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि पूरे दो घंटे का महाएपिसोड शानदार रहने वाला है.


ये खबर कपिल शर्मा के लिए अच्छी इसलिए नहीं है क्योंकि अभी-अभी तो उनके शो की टीआऱपी ठीक हुई है लेकिन इसे बीच इस रविवार उनके शो को चैनल ने ड्रॉप कर दिया है. कपिल-सुनील विवाद के बाद से ही ‘द कपिल शर्मा’ शो की टीआरपी में कुछ खास नहीं कर पाई और इसमें लगातार गिरावट देखी गई है. ऐसे में चैनल ने कपिल की जगह सुनील ग्रोवर और अली असगर के शो ‘सुपर नाइट विथ ट्यूबलाइट’ को जगह दी है ताकि टीआरपी में कुछ और सुधार किया जा सके.


कपिल शर्मा के फैंस के लिए यह एक निराश करने वाली खबर हो सकती है क्योंकि शो की टाइमिंग के दौरान इस हफ्ते यह नहीं दिखाया जाएगा, वहीं सलमान खान के फैंस ‘सुपर नाइट विथ ट्यूबलाइट’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

Source : ABP News

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin