बीफ के शक में पीट-पीटकर हत्या के मामले का BJP कनेक्शन, 3 गिरफ्तार


झारखंड के रामगढ़ में बीफ के शक में मारे गए युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों में एक शख्स बीजेपी नेता बताया जा रहा है. कथित आरोपी नेता रामगढ़ में बीजेपी मीडिया सेल देखता है. एक अन्य से पूछताछ जारी है.


पकड़े गए दो आरोपियों के नाम नित्यानंद महतो और छोटू राणा हैं. नित्यानंद जहां बीजेपी नेता बताया जा रहा है, वहीं छोटू गऊ रक्षा समिति से जुड़ा है. इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, तीनों आरोपी उस वायरल वीडियो में साफ देखे जा सकते हैं, जो मारे गए शख्स अलीमुद्दीन की पिटाई के वक्त बनाया गया था.

बीजेपी मीडिया सेल के इंचार्ज वरुण सिंह ने बताया कि महतो उनके साथ ही काम करता है. महतो उसी इलाके में रहता है, जहां पर वह घटना घटी थी. वीडियो में महतो डीएसपी के पास खड़ा दिखाई दे रहा है. वरुण ने दावा किया कि महतो घटना के बाद वहां पहुंचा था. महतो को पुलिस ने जल्दबाजी में गिरफ्तार किया है.

वहीं महतो ने भी खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि वह घटनास्थल पर काफी देर बाद पहुंचा था. वह वहां पर यह देखने गया था कि इलाके में इतनी भीड़ क्यों जमा हुई है.

क्या था मामला

29 जून को झारखंड के रामगढ़ में भीड़ ने मीट व्यापारी अलीमुद्दीन अंसारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. अलीमुद्दीन अपनी वैन से मांस लेकर आ रहा था. वैन में बीफ होने के शक में कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया था. उन लोगों ने पहले उसकी गाड़ी को आग लगाई और फिर अलीमुद्दीन को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने बाद में संतोष सिंह नाम के शख्स को मर्डर के आरोप में गिरफ्तार किया था. उसके अलावा एक और शख्स को पकड़ा गया था. घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया था. दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद ही अलीमुद्दीन का परिवार शव लेने को तैयार हुआ था.

Source : आजतक

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin