जम्मू कश्मीर के कुछ इलाकों में भारी बारिश की वजह से कई जगहों पर भूस्खलन की वजह से सड़क यातायात में दिक्कतें आ रही हैं. इसकी वजह से अमरनाथ यात्रा को रोक दिया गया है. जानकारी के अनुसार जम्मू-श्रीनगर हाइवे को बंद कर दिया गया है. यहां पर पंथयाल, मेहर, सीरी में भूस्खलन की वजह से राजमार्ग को बंद किया गया है. इन तीन जगहों पर भूस्खलन की वजह से अमरनाथ यात्रा को भी रोक दिया गया है.
Source : NDTV इंडिया
बता दें कि रविवार को ही पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए करीब 300 श्रद्धालु कड़ी सुरक्षा के बीच जम्मू से निकले थे. रविवार को सालाना अमरनाथ यात्रा का 32वां दिन है. अधिकारियों ने बताया कि अब तक करीब 2.52 लाख श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं.
रविवार सुबह भगवती नगर आधार शिविर से 236 पुरुषों और 73 महिलाओं समेत कुल 309 श्रद्धालु कश्मीर में पहलगाम और बालटाल आधार शिविरों के लिए निकले.
40-दिवसीय अमरनाथ यात्रा 29 जून को प्रारंभ हुई थी. इसका समापन 7 अगस्त को रक्षा बंधन के दिन होगा. यात्रा के दौरान इस वर्ष अब तक 48 श्रद्धालुओं की विभिन्न कारणों से मौत हो गई है. इसमें आतंकी हमले और बस दुर्घटना में मारे गए लोग भी शामिल हैं.
Source : NDTV इंडिया
