आखिर किससे नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने कहा, 'शुक्रिया यह जताने के लिए कि मैं काला हूं...'


चाहे हाल ही में रिलीज हुई श्रीदेवी की 300वीं फिल्‍म 'मॉम' हो या फिर अपने डांस और एक्‍शन के लिए प्रसिद्ध टाइगर श्रॉफ के साथ कदम से कदम मिलाकर डांस करने की बात हो, नवाजुद्दीन सिद्दीकी बॉलीवुड की लगभग हर अहम फिल्‍म में नजर आ रहे हैं. बॉलीवुड के तीनों सुपरस्‍टार खानों के साथ काम कर चुके नवाजुद्दीन को बॉलीवुड में सबसे प्रतिभाशाली और बहुमुखी अभिनेताओं में से एक होने का दर्जा दिया जाता है, लेकिन ऐसा लगता है कि सुंदरता के तय मापदंडों पर खरा नहीं उतरने के कारण उन्हें अब भी फिल्मों में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.

टि्वटर पर पोस्ट किए एक ट्वीट में 43 वर्षीय अभिनेता ने संकेत दिया कि हाल ही में उन्हें रंगभेद का सामना करना पड़ा. नवाज ने ट्वीट किया 'मुझे यह महसूस कराने के लिए धन्यवाद कि मुझे गोरे और सुंदर लोगों के साथ नहीं लिया जा सकता क्योंकि मैं सांवला हूं और सुंदर नहीं दिखता. लेकिन मैंने कभी इस ओर ध्यान नहीं दिया.' हालांकि अभिनेता ने उस घटना के बारे में और जानकारी नहीं दी जिसको लेकर उन्होंने यह पोस्ट लिखा.
बॉलीवुड में परिवारवाद की जड़ें तो हमेशा से ही साफ दिखती  रही हैं, लेकिन हर तरह के विषय पर अपनी आवाज उठाने वाले बॉलीवुड में रंगभेद के दाग भी गाहे बेगाहे लगते रहे हैं. इससे पहले एक्‍ट्रेस तनिष्‍ठा चटर्जी ने भी एक कॉमेडी शो में अपने ऊपर बनाए गए जोक्‍स में रंगभेद की बात कही थी. बता दें कि पिछले साल एक इंटरव्‍यू में नवाजुद्दीन ने इस बात के लिए फिल्म जगत की तारीफ की थी कि इसमें सुंदरता की तुलना में प्रतिभा को ज्यादा प्राथमिकता दी जाती है. उन्होंने कहा था कि बॉलीवुड में कोई रंगभेद नहीं है.

नवाजुद्दीन अपनी आने वाली फिल्म 'बाबूमोशाय बंदूकबाज' के प्रमोशन में लगे हुए हैं. इस फिल्म में नवाज एक गैंगस्टर की भूमिका निभा रहे हैं जो सुपारी लेकर हत्या करता है. इससे पहले नवाज 'गैंग्‍स ऑफ वासेपुर' और उनकी आने वाली फिल्‍म 'मुन्‍ना माइकल' में भी गैंगस्‍टर की भूमिका में नजर आ चुके हैं. यही सवाल जब फिल्‍म 'बाबूमोशाय  बंदूकबाज' के प्रमोशनल इवेंट पर उनसे पूछा गया कि वह तीसरी बार गैंगस्टर का रोल निभा रहे हैं, इस पर कुछ भड़के हुए से नवाज ने कहा, 'आपके मुताबिक मैं तीसरी बार गैंगस्टर बना हूं जबकि 'मुन्ना माइकल' का किरदार वैसा नहीं है फिर भी अगर आपकी मानें तो तीन ही ऐसी फिल्में की हैं, जिसमें मैं गैंगस्टर बना हूं. इस इंडस्ट्री के बहुत सारे सितारों ने 30-30 फिल्मों में एक जैसे किरदार निभाए हैं, तब उनसे आप सवाल नहीं पूछते. हमने 3 मिलते-जुलते रोल किए तो आप सवाल कर रहे हैं.'

Source : NDTV

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin