प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्मृति ईरानी में एक बार फिर से विश्वास जताते हुए उनकी जिम्मेदारी बढ़ा दी है. केंद्रीय मंत्रिमंडल से वेंकैया नायडू के इस्तीफा देने के बाद पीएम मोदी ने मंगलवार को स्मृति ईरानी को सूचना प्रसारण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दे दिया. अभी उनके पास कपड़ा मंत्रालय की जिम्मेदारी है.
वहीं नरेंद्र तोमर को शहरी विकास मंत्री बनाया गया है. फिलहाल तोमर के पास ग्रामीण विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी है. आपको बता दें कि ये दोनों विभाग वेंकैया नायडू के इस्तीफा देने के बाद खाली हुए थे. इन दोनों विभागों की जिम्मेदारी नायडू पर थी. अब स्मृति ईरानी और नरेंद्र तोमर को इन दोनों विभागों की अतिरिक्त तौर पर जिम्मेदारी दी गई है.Venkaiah Naidu resigns as Union minister, additional charge of Ministry of Urban Development given to Narendra Tomar, I&B to Smriti Irani. pic.twitter.com/Spb6KlOx9V— ANI (@ANI_news) July 18, 2017
आपको बता दें कि वेंकैया नायडू ने एनडीए की तरफ से उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था. नायडू का इस्तीफा देने के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार होने की उम्मीद जताई जा रही थी. सूत्रों की मानें तो आने वाले समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल में और भी फेरबदल कर सकते हैं. गौरतलब है कि मनोहर पर्रिकर के गोवा का मुख्यमंत्री बनने के बाद रक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी वित्त मंत्री अरुण जेटली के पास है.
वहीं मई में अनिल माधव दवे के निधन के बाद से पर्यावरण मंत्रालय का अतिरिक्त जिम्मा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री हर्षवर्धन के पास है. केंद्रीय मंत्रिपरिषद में संसद के मानसून सत्र के बाद फेरबदल किया जा सकता है. कुछ मंत्रियों की जिम्मेदारी कम करने के साथ ही मंत्रिमंडल में नए चेहरे भी शामिल किए जा सकते हैं.
Source : zee news
