क्या आपको पता है कि एक ठग ने विदेशी पर्यटकों को ताज महल ही बेच दिया था। ऐसे ही कई शातिर ठग और मास्टरमाइंड अपराधी हैं जिन्होंने भारत में ऐसी वारदातों को अंजाम दिया जिनके बारे में जानकर आपको हैरत होगी।
Source : नईदुनिया
दाउद इब्राहिम
अपराध की दुनिया का बड़ा नाम दाउद इब्राहिम एक समय इतना प्रभावशाली हो गया था कि पुलिस उस तक पहुंचने में भी खौफ खाती थी। अपने गैर कानूनी गोरखधंधों से वह हमेशा नए नए रास्ते अख्तियार करता रहता था।
एक बार जब एक मालवाहक जहाज मुंबई तट पर पहुंचा तो दाउद के आदमियों ने उसका नंबर बदल दिया। जब कस्टम अधिकारियों ने एक शिप कम पाया तो उन्होंने इसे गुमशुदा दर्ज कर लिया। उसके मालिक को शिप का पूरा बीमा मिला और दाउद के पास इसका आधा हिस्सा चला गया।
अब्दुल करीम तेलगी
तेलगी के नाम पर देश के सबसे बड़े घोटालों में से एक है। यह घोटाला 10 अरब का था। तेलगी ने फर्जी स्टाम्प छपवाए जिसके लिए 300 लोगों को काम पर रखा जो कि बड़ी संख्या में सरकारी कार्यालयों, बैंकों, बीमा आदि जगहों पर इन्हें बेचते थे।
पकड़े जाने पर उसने शरद पवार, छगन भुजबल आदि पर घोटाले में लिप्त होने का आरोप लगाया। पुलिस को वह मोटी घूस देता था जो कि सौ करोड़ से अधिक की पाई गई।
नटवर लाल
नटवर लाल देश का मशहूर ठग नाम है। कहा जाता है कि उसने ताज महल, लाल किला, राष्ट्रपति भवन और संसद भवन तक बेच डाला था। ठगी की दुनिया में उसे दिग्गज माना जाता है।
84 साल की उम्र में भी 1996 में वह व्हीलचेयर पर होने के बावजूद पुलिस को चकमा देकर भाग गया था। उसकी मौत पर भी मतभेद हैं। उसके भाई और वकील के अलग-अलग दावे हैं।
मोहन सिंह
मोहन सिंह नाम के आदमी ने 1987 में एक ज्वैलर को लूटा था। उसने अखबार में विज्ञापन दिया कि सुरक्षा अधिकारियों के लिए शिक्षित लोगों की आवश्यक्ता है। उसने 26 को चुना और नकली आईडी कार्ड दिये।
इस गैंग ने मुंबई के मशहूर ज्वैलर झवेरी के यहां छापा मारा और ग्राहकों से इंतजार करने को कहा। फिर सारी ज्वैलरी प्लास्टिक शीट्स में रखी। इसके बाद उसने सबसे कहा कि इंतजार करें, मैं अभी आता हूं, उसके बाद वह लौटा ही नहीं।
चार्ल्स शोभराज
भारतीय मूल का फ्रांसिसी चार्ल्स शोभराज वियतनाम का सीरियल किलर रहा है। वह मनोरोगी था और उसने 12 विदेशियों की हत्या केवल इसलिए की ताकि उसके जीवन की रोमांचकारी शैली बनी रहे।
वह बहुत घातक तरीके से लोगों को धोखा देता था। विदेशियों को बहलाना, हत्या करना और 10 पासपोर्ट की चोरी करके उन्हें इस्तेमाल करके जेल में शादी करने की हरकतों के कारण उसे सुर्खियां मिलीं।
