चावड़ी बाजार से कश्मीरी गेट तक खुले दरवाजे के साथ चलती रही दिल्ली मेट्रो, दहशत में रहे यात्री

सोमवार देर रात को दिल्ली मेट्रो के परिचालन में एक भारी चूक सामने आई. दरअसल यात्रियों से खचाखच भरी एक मेट्रो ट्रेन के येलो लाइन (हुडा सिटी सेंटर से समयपुर बादली)  के दो स्टेशनों से गुजरने के दौरान इसका एक दरवाजा खुला रहा. येलो लाइन पर चावड़ी बाजार और कश्मीर गेट स्टेशन के बीच रात करीब 10 बजे यह बेहद असामान्य घटना हुई. कश्मीरी गेट पर येलो लाइन उत्तरी दिल्ली को गुड़गांव से जोड़ती है. लोगों के इमरजेंसी अलार्म बजाने की कोशिश की लेकिन वह भी नहीं बजा. मेट्रो के अंदर मौजूद लोगों ने खुले दरवाजे का वीडियो बना लिया.

दिल्ली मेट्रो के एक प्रवक्ता ने बताया कि समस्या सिर्फ एक दरवाजे के साथ थी. किसी भी प्रकार की देरी या ट्रेनों के इकट्ठा होने से बचने के लिये ट्रेन को विश्वविद्यालय स्टेशन ले जाया गया. गनीमत रही कि कोई भी हादसा नहीं हुआ.

घटना के तुरंत बाद ट्रेन ऑपरेटर को 'सुरक्षा में चूक' के कारण निलंबित कर दिया गया. इसी तरह का मामला जुलाई 2014 में भी हुआ था, तब इसी लाइन पर घिटोरनी और अर्जनगढ़ स्टेशनों के बीच चल रही ट्रेन के सभी दरवाजे खुले रह गये थे.


बाद में यात्रियों की शिकायत पर विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन खाली कराई गई और उसे डिपो में भेज दिया गया. इस घटना की वजह से येलो लाइन पर कुछ समय तक मेट्रो का परिचालन प्रभावित हुआ. हालांकि, डीएमआरसी ने इस बाबत आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया है.

Source : NDTV इंडिया 

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin