महिला ने कैब में दिया बच्‍चे को जन्‍म, तोहफे में मिली पांच सालों तक फ्री राइड

पुणे : एक प्रेग्‍नेंट महिला ने दो अक्‍टूबर को ओला कैब में सफर दौरान बच्‍चे को जन्‍म दिया. महिला ने कैब की पीछे वाली सीट पर बच्‍चे की डिलिवरी की वहीं इस दौरान कैब के ड्राइवर यशवंत गलांडे बेहद सावधानी से गाड़ी चलाते रहे. यही नहीं ड्राइवर ने महिला को सकुशल पुणे के मंगलावर पेठ स्‍थित कमला नेहरू अस्‍पताल में भी पहुंचाया.


खबर के मुताबिक महिला की बिगड़ती हालत को देखते हुए उसके पति ने ओला कैब बुलाई थी. जब ड्राइवर को महिला की स्‍थिति का अंदाजा हुआ तो उन्‍होंने बच्‍चे की सुरक्ष‍ित डिलीवरी के लिए गाड़ी इस तरह चलाई ताकि महिला को कोई झटका या धक्‍का न लग पाए. ड्राइवर ने द हिंदू को बताया, टिंबर मार्केट पहुंचने के बाद मुझे बच्‍चे के रोने की आवाज आई. खुशकिस्‍मती यह रही कि उस दिन गांधी जयंति होने की वजह से राष्‍ट्रीय अवकाश था. छुट्टी की वजह से उस दिन मुझे पुणे के भयानक ट्रैफिक का सामना नहीं करना पड़ा.

महिला के घरवालों ने ड्राइवर के प्रति आभार जताया है. अस्‍पताल से छुट्टी मिलने के महिला और नवजात बच्‍चे को ड्राइवर ने घर तक भी छोड़ा. यही नहीं कैब कंपनी ओला ने महिला और बच्‍चे को अगले पांच सालों के लिए फ्री राइड्स का तोहफा भी दिया है. यानी कि मां और बच्‍चा बिना पैसों के अगले पांच साल तक कभी भी फ्री में ओला कैब से सफर कर सकते हैं. ओला ने बच्‍चे के नाम पर कूपन बनाया है, जिसका इस्‍तेमाल राइड बुक करते समय करना होगा.

Source : NDTV

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin