अगर जीवन में दिखें ये संकेत, तो समझो बहुत जल्द शुरू होगा बुरा वक्त


माना जाता है कि हर बुरे वक्त के बाद अच्छा वक्त जरूर आता है, लेकिन ये भी सच है कि हर अच्छे वक्त के बाद बुरा वक्त भी आ सकता है। बस अच्छे और बुरे वक्त के बीच कोई तय सीमा नहीं है, जिस कारण बुरे वक्त के लिए शायद ही कोई तैयार रहता है।

मगर हर बुरे वक्त से पहले कुछ संकेत भी मिलते हैं …जी हां, बुरा वक्त आने से पहले कुछ संकेत अवश्य मिलते हैं जिन्हें समझकर आप आगे आने वाले वक्त की कठिनाइयों को भांप सकते हैं। इस दौरान सावधानियां बरतकर आप बहुत हद तक अपने जीवन पर इसके बुरे प्रभावों को कम भी कर सकते हैं।


सिन्दूर जमीन पर बिखरना भी है एक बुरा संकेत 
यदि सुहागन स्त्रियों से सिन्दूर लगाते समय डिबिया जमीन पर गिरकर बिखर जाए, तो समझें कि उसके पति को किसी प्रकार की हानि हो सकती है। शारीरिक-स्वास्थ्य की हानि समेत यह हानि धन और व्यापार से जुड़ी हानि भी हो सकती है। इसका एक मतलब यह भी निकाल सकते हैं कि परिवार पर कोई बड़ी मुसीबत आने वाली है जिसका प्रभाव उसके पति से जुड़ा होगा।

दूध का गिरना या फटना क्या संकेत देता है ?
यदि दूध पुराना हो या आपकी असावधानी से फट गया है तो कोई बात नहीं, मगर यदि इसके फटने की कोई संभावना ना हो और यह अचानक फट जाए, तो समझें परिवार में गृह क्लेश होने वाला है। दूध फटने के अलावा दूध का गिरना भी आपको गृह क्लेश का संकेत देता है।

बुरे सपने क्या संदेश देते हैं ?
ज्योतिष शास्त्र अनुसार बुरे सपनों का बार-बार आना नजदीक भविष्य में आप या आपके परिवार पर आने वाली मुसीबत का संकेत है। बार-बार बुरे सपनों का आना आपको मानसिक रूप से भी अशांत करता है जो आपमें एक अनजावा भय पैदा करता है और आप अवसाद की अवस्था में पहुंचने लगते हैं। यह धीरे-धीरे आपका विकास रोक देता है और निकट भविष्य में इसके बहुत बुरे परिणाम मिलते हैं। बुरे सपने बार-बार आएं, तो इसका एक अर्थ यह भी होता है कि आपके किसी करीबी के ऊपर कोई बड़ी मुसीबत आने वाली है।

पालतू बिल्ली पड़ सकती है भारी
वैसे तो बिल्ली के साथ कई शगुन-अपशगुन जुड़े हैं, मगर कई बार पालतू बिल्ली भी आपको भविष्य में आने वाली मुसीबतों का संकेत देती है। यदि किसी न बिल्ली पाल रखी हो और वह बिल्ली अचानक डरावनी आवाजें निकालने लगे या अपनी आदतों से हटकर कोई आवाज निकाले, तो समझें कि आपके घर में नकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है। यह परिवार में कलह के साथ ही परिवार के हर सदस्य का विकास बाधित होने का संकेत है। समय रहते इस संकेत का उपाय कर लेना समझदारी होगी।


रास्ते में लड़ाई-झगड़ा भी है बुरा संदेश
जब आप दफ्तर या घर से निकलते हैं और तभी रास्ते में कहीं ना कहीं कोई लड़ता या बहस करता दिख जाए, और यदि लगातार कई दिनों तक यह होता रहे तो समझिए आने वाले दिनों में आपके कार्यक्षेत्र में कोई परेशानी आने वाली है। यह आने वाले तनाव और नौकरी में बाधा का संकेत भी हो सकता है।

पूजा में रुकावटें लाती हैं विपत्तियाँ
पूजा के दौरान पूजा सामग्री या थाल का गिरना इस बात का संकेत हैं कि आपकी पूजा स्वीकार नहीं हुई है और आने वाले समय में यह आप पर किसी प्रकार की विपत्ति का संकेत भी हो सकता है। इनके अलावा पूजा के दौरान दीये का बुझना भी इसी तरह का बुरा संकेत होता है। अत: ऐसा होते ही भगवान से अपनी भूल-चूक के लिए क्षमा याचना करें और बुरे समय से बचाने की प्रार्थना करें।

भोजन भी देता है बुरा संकेत
कई बार भोजन शुरु करते ही पहला निवाला इतना कड़वा लगता है कि आप सोचते हैं यह खाया नहीं जा सकता। मगर हैरानगी तब होती है जब कड़वेपन को ठीक से परखने के लिए आप दूसरा निवाला लेते हैं, मगर उसमें कोई कड़वा स्वाद नहीं होता। यदि आपके साथ कभी ऐसा हो, तो समझें कि जल्द ही किसी करीबी की ओर से कोई बुरा समाचार आने वाला है या आपके किसी करीबी से रिश्तों में कड़वाहट आने वाली है। कभी भी ऐसा होते ही सचेत हो जाएं और सावधानीपूर्वक ही कोई कदम उठाएं।

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin