दुबई से घर पहुंचा श्रीदेवी का पार्थिव शरीर, आज साढ़े 3 बजे होगा अंतिम संस्कार

दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी का पार्थिव शरीर मुंबई पहुंच चुका है. बोनी कपूर के भाई और फिल्म अभिनेता अनिल कपूर मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे थे. श्रीदेवी का पार्थिव शरीर उनके लोखंडवाला स्थित घर लाया गया. उनके घर पर काफी भीड़ जमा हो गई है. पारिवारिक सूत्रों के अनुसार श्रीदेवी का अंतिम संस्कार आज दोपहर साढ़े 3 बजे विले पार्ले के सेवा समाज शव दाह गृह में किया जाएगा. वहीं, श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को आज सुबह साढ़े 9 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक मुंबई के सेलिब्रेशन स्पोर्ट्स क्लब में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा. बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी की दुबई के होटल के बाथटब में गिरकर डूबने से हुई मौत की जांच पूरी होने के बाद मामले को बंद कर दिया गया है. दुबई अभियोजक ऑफिस ने इस बात की घोषणा की थी. इसके बाद श्रीदेवी का पार्थिव शरीर उनके परिवारवालों को सौंपा गया था. इसके बाद उनका पार्थिव शरीर चार्टड प्लेन से मुंबई भेजा लाया गया था. श्रीदेवी का निधन 24 फरवरी को दुबई में हुआ था. 


मालूम हो कि, शनिवार शाम फिल्म निर्माता और पति बोनी कपूर के साथ सरप्राइज डिनर डेट से पहले दुबई के होटल जुमैरा अमीरात टॉवर्स में श्रीदेवी की अचानक हुई मौत के मामले में एक नया मोड़ आया है. फॉरेंसिक रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी मौत बाथरूम में चक्कर आने पर बाथटब में गिरने से डूबकर हुई. इस खुलासे के कारण ही उनके शव को भारत वापस लाने में देरी हो रही है. 


Source : NDTV 

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin