त्रिपुरा में आज से BJP सरकार, शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे मोदी-शाह


त्रिपुरा में आज बिप्लव कुमार देब की अगुवाई में भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। भाजपा ने त्रिपुरा में पच्चीस साल से सत्ता पर काबिज वामदलों को हराने में कामयाबी हासिल की ऐसे में पार्टी ने शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने की पूरी तैयारी की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत कई कैबिनेट मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। दोपहर बारह बजे नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा।

बिप्लव कुमार देब सीएम की शपथ लेंगे जबकि जिशनू देबबर्मा उप मुख्यमंत्री होंगे। साठ सदस्यीय त्रिपुरा विधानसभा में अधिकतम बारह मंत्री हो सकते हैं। भाजपा अपने दम पर पैंतीस सीट लाई है, जबकि चुनाव में उसकी सहयोगी रही इंडिजीनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा यानि IPFT को आठ सीटें मिली हैं। IPFT उप मुख्यमंत्री समेत चार मंत्री पद मांग रही थी लेकिन अब वो दो मंत्री पद पर सहमत हो गई है यानि सीएम, डिप्टी सीएम और आठ मंत्री भाजपा के होंगे। ऐसे में देखना होगा कि आज सबको शपथ दिलाई जाती है या कुछ मंत्री पद खाली रखे जाते हैं।

उत्तर पूर्व में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में तीनों राज्यों में भाजपा जीती है। नागालैंड और मेघालय में तो भाजपा और सहयोगियों की सरकार बन चुकी है लेकिन त्रिपुरा में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने में भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ रही। आखिरकार त्रिपुरा ही वो राज्य है जहां भाजपा ने पच्चीस साल से सत्ता पर काबिज वामदलों को उखाड़ फेंका और कम्यूनिस्ट विचारधारा को हराने का दावा किया। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए अमित शाह कल ही अगरतला पहुंच गए थे। इससे पहले कल बीजेपी के प्रभारी राम माधव और भावी सीएम बिप्लब कुमार देब अगरतला में सीपीएम के ऑफिस गए। वहां जाकर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में आने का न्योता दिया, जिसे माणिक सरकार ने स्वीकार कर लिया।

कौन हैं बिप्लब देब?

सैंतालीस साल के बिप्लब कुमार देब का जन्म 25 नवंबर 1971 में त्रिपुरा के गोमाती जिले में हुआ। उनके पिता हर्धन देब जनसंघ के साथ जुड़े थे। 1999 में ग्रेजुएशन करने के बाद वो दिल्ली आए और आरएसएस से जुड़े। सोलह साल तक उन्होंने गोविंदाचार्य और कृष्णगोपाल शर्मा के गाइडेंस में संघ के साथ काम किया। 2015 में बिप्लब देब त्रिपुरा लौटे और भाजपा के सेंट्रल जन सम्पर्क प्रमुख बने।

जनवरी 2016 में उन्हें त्रिपुरा भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया। करीब सवा दो साल बाद उनके नेतृत्व में भाजपा ने पच्चीस साल से त्रिपुरा मे राज कर रही सीएम को हराने में कामयाबी हासिल की और अब इसका इनाम उन्हें मुख्यमंत्री पद के तौर पर मिल रहा है। बिप्लब देब की पत्नी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में अफसर हैं और वो एक बेटा और एक बेटी के पिता है।

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin