बॉलीवुड में ये रिवाज़ है कि किसी सेलेब्रिटी को अगर कोई गंभीर बीमारी होती है तो वो उसका खुलासा नहीं करता, जब तक कि ऐसा करना बहुत ज़रूरी ना हो। इसीलिए इरफ़ान ख़ान का अचानक ट्वीट करके अपनी दुर्लभ बीमारी का खुलासा करना सबको हैरान कर रहा है। इरफ़ान ने जिस अंदाज़ में ट्विटर पर शॉर्ट नोट लिखकर अपनी बीमारी के बारे में फ़ैंस और फॉलोअर्स को बताया है, वो भी असल में दुर्लभ ही कहा जाएगा।
ग़ौर करने वाली बात है कि 5 मार्च को किये गये इस ट्वीट को इरफ़ान ने Pinned किया हुआ है, अर्थात सबसे ऊपर वाली स्थिति के लिए नत्थी करके रखा है। इरफ़ान ने इस ट्वीट में लिखा है- कभी-कभी आप जब जागते हैं तो ज़िंदगी आपको करारा झटका देती है। पिछले पंद्रह दिनों से, मेरी ज़िंदगी एक रहस्मय कहानी बनी हुई है। ये मुझे नहीं पता था कि दुर्लभ कहानियों के लिए मेरी खोज मुझे दुर्लभ बीमारी की तरफ़ ले जाएगी। मैंने कभी हार नहीं मानी है और अपनी पसंद की चीज़ें करने के लिए हमेशा लड़ा हूं और लड़ता रहूंगा। मेरा परिवार और दोस्त मेरे साथ हैं और हम सही रास्ता ढूंढने में लगे हुए हैं। इन मुश्किल हालात में कृपया, कयासबाज़ी ना करें, क्योंकि जांचों के अंतिम परिणाम आने के बाद हफ़्ता-दस दिन में मैं ख़ुद अपनी कहानी आपके साथ बाटूंगा। तब तक मेरे लिए प्रार्थना करें।
इरफ़ान का ये खुलासा इतना ईमानदार और पारदर्शी है कि यक़ीन करना ज़रा मुश्किल होता है। कुछ दिन पहले विशाल भारद्वाज ने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखकर बताया था कि उनकी फ़िल्म सपना दीदी की शूटिंग कुछ वक़्त के लिए स्थगित कर दी गयी है, क्योंकि मुख्य किरदार निभा रहे दोनों कलाकार दीपिका पादुकोण और इरफ़ान ख़ान की सेहत ठीक नहीं है। दीपिका को बैक प्रॉब्लम हो गयी थी, जबकि इरफ़ान को पीलिया होने का दावा किया गया था।
बहरहाल, इरफ़ान की इस दुर्लभ बीमारी का पता चलता है, बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ ने उन्हें सेहतमंद होने की दुआएं भेजनी शुरू कर दी हैं। अभिषेक बच्चन ने उन्हें जल्द ठीक होने के लिए दुआ दी है, तो राहुल ढोलकिया ने उनके ठीक होने तक प्रार्थना करने की बात कही है। विशाल भारद्वाज की पत्नी रेखा ने इरफ़ान को लिखा है कि वो उनके जल्द ठीक होने के लिए उर्जा भेज रही हैं। दक्षिण भारतीय सिनेमा के कलाकार दिलक़ीर सलमान ने इरफ़ान की त्वरित वापसी के लिए प्रार्थना करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। मिथिला पाल्कर ने भी इरफ़ान के जल्द सेहतमंद होने की दुआ की है। बता दें कि दिलक़ीर और मिथिला, इरफ़ान के साथ फ़िल्म कर रहे हैं। इनके अलावा तिलोत्तमा शोम और दर्शन कुमार ने भी इरफ़ान को अपनी विशेज़ भेजी हैं। इरफ़ान ब्लैकमेल में नज़र आने वाले हैं, जो एक ब्लैक कॉमेडी है।
— Irrfan (@irrfank) March 5, 2018
वहीं, ब्लैकमेल में इरफ़ान को डायरेक्ट करने वाले अभिनय देव ने हमारे सहयोगी अख़बार मिड-डे से बात करते हुए कहा कि ब्लैकमेल की शूटिंग के दौरान उन्होंने इरफ़ान की इस बीमारी का बिल्कुल अंदाज़ा भी नहीं हुआ। अभिनय कहते हैं- ''उन्होंने कभी इसके लक्षण भी ज़ाहिर नहीं किये, ना ही कभी इसके बारे में कुछ बताया। मुझे यक़ीन है कि डॉक्टर्स पूरी कोशिश कर रहे होंगे और उनका परिवार उनकी देखभाल कर रहा होगा, और ऐसे हाला में उन्हें निजता की ज़रूरत है।'' अभिनय ने आगे कहा कि अगर ज़रूरत पड़ी तो ब्लैकमेल की रिलीज़ टाल सकते हैं। फ़िल्म अभी 6 अप्रैल को रिलीज़ के लिए तैयार है।
