गुजरात के सूरत शहर में होली के दिन नशे में चूर होकर आंतक मचाने वाली लेडी डॉन अस्मिता गोहिल उर्फ भूरी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. उसने होली के दिन हाथों में छुरा लेकर सड़क पर जमकर तांडव किया था. उसकी करतूत का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया.
सूरत की वराछा थाना पुलिस ने लेडी डॉन अस्मिता गोहिल उर्फ भूरी को गुरुवार के दिन गिरफ्तार कर लिया. होली के दिन भूरी का सड़क पर गुंडागर्दी करते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था. जिसके आधार पर ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की थी.
बताते चलें कि होली के दिन हाथों में बड़ा छुरा लेकर सड़क पर हुडदंग मचाने वाली भूरी और उसके साथी हिम्मत वाघेला के हाथों में भी छुरी थी. वायरल वीडियो में वे दोनों स्थानीय लड़कों के साथ झगड़ा करते दिख रहे थे. वीडियो वायरल होने के बाद ही पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया था.
