बुंदे ने की भविष्यवाणी: कोहली जीतेंगे वर्ल्ड कप, तोड़ेंगे 100 शतकों का रिकॉर्ड

क्रिकेट में अपनी सटीक भविष्यवाणी के लिए मशहूर ज्योतिषी नरेंद्र बुंदे ने कहा कि भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली इस साल भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नए मानदंड कायम करना जारी रखेंगे. ज्योतिषी के मुताबिक कोहली ऐसा विज्ञापन करार करने वाले हैं, जिसके बारे में भारतीय खेल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी ने सुना भी नहीं होगा.

पिछले साल जब लोग सीमित ओवरों में महेंद्र सिंह धोनी के स्थान पर सवाल उठा रहे थे तब नागपुर के इस ज्योतिषी ने कहा था कि 36 साल के धोनी इंग्लैंड में 2019 में होने वाले विश्व कप में खेलेंगे. उनकी ताजा भविष्यवाणी यह है कि कोहली 2025 तक टी-20 विश्व कप और वनडे विश्व कप का विजेता बनने के साथ सचिन तेंदुलकर के सौ शतकों के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे.

बुंदे ने कहा, ‘अब तक मेरी सारी भविष्यवाणी सही रही हैं. मैं देख सकता हूं कि विराट 2025 तक टी-20 और वनडे विश्व कप का खिताब जीतने के साथ सचिन तेंदुलकर के सौ शतकों के रिकार्ड को तोड़ सकते हैं.’


ज्योतिषी ने कहा, ‘विराट इस साल बड़ी इंडॉर्समेंट डील करेंगे जैसा मार्क मैस्करेनहास के वर्ल्डटेल ने सचिन तेंदुलकर के साथ किया था. लेकिन इस करार में उन्हें तेंदुलकर से बहुत बड़ी रकम मिलेगी.’ सचिन तेंदुलकर 1990 के दशक में जब शानदार प्रदर्शन कर रहे थे, तब मैस्करेनहास ने सिलेब्रिटी मैनेजमेंट के मायने बदलते हुए इस क्रिकेट सितारे के साथ करोड़ों रुपये का करार किया था.

इसके अलावा उन्होंने दिग्गज सचिन तेंदुलकर की चोट से वापसी, भारत रत्न सम्मान, पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की वापसी और 2011 विश्व कप जीत की भी सही भविष्यवाणी की थी. इस बार नरेंद्र बुंदे ने कहा है कि विराट की कप्तानी में टीम इंडिया का विदेशी धरती पर सफलता हासिल करने का समय आ गया है.

बुंदे से कई क्रिकेटर सलाह ले चुके है जिसमें गांगुली, मुरली कार्तिक, एस. श्रीसंत, जहीर खान, गौतम गंभीर और सुरेश रैना शामिल हैं.


Source : आजतक 

एक टिप्पणी भेजें

© ‧ Test. All rights reserved. Distributed by Pixabin